श्रीनगर शहर के डाउनटाउन इलाके के ईदगाह स्थित सरकारी ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को दिनदहाड़े घुसकर आतंकियों ने प्रिंसिपल समेत दो अल्पसंख्यक शिक्षकों की हत्या कर दी। प्रिंसिपल सिख समुदाय की थीं जो बडगाम की रहने वाली थीं। दूसरा शिक्षक जम्मू का था। वारदात के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पिछले पांच दिनों में आतंकियों ने सात नागरिकों की हत्या की है, जिसमें चार अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। अकेले छह हत्याएं ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में हुई हैं।
बताया जाता है कि गुरुवार सुबह लगभग सवा 11 बजे स्कूल की प्रिंसिपल सुपिंदर कौर और शिक्षक दीपक चंद पर आतंकियों ने स्कूल परिसर में घुसकर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इसमें दोनों शिक्षक लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद आतंकी भाग निकले तो स्टाफ रूम में मौजूद अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्कूल में कोई भी विद्यार्थी नहीं था क्योंकि ऑनलाइन कक्षाएं चल रही थीं।