जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के सफाकदल इलाके में गवर्नमेंट ब्यॉज हायर सेकेंडरी स्कूल के अंदर घुसकर आतंकियों ने दो शिक्षकों की गोली मारकर हत्या कर दी। इनकी पहचान स्कूल की प्रिंसिपल सुपिंदर कौर और शिक्षक दीपक चंद के रूप में हुई है। शिक्षक दीपक चंद की मौत की खबर के बाद से जम्मू में पटोली स्थित उनके आवास पर लोगों का तांता लगा हुआ है। रिश्तेदार, पड़ोसी, और राजनीतिक दलों के नेता उनके घर संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। डीजीपी दिलबाग सिंह का कहना है कि घाटी में जो आम नागरिकों पर हमले हो रहे हैं वो पूरी तरह से जम्मू-कश्मीर में दहशत फैलाने के लिए किए जा रहे हैं। बेगुनाह लोगों को निशाना बनाया जा रहा है ताकि लोगों का आपस में भाईचारा खत्म हो सके। उन्होंने कहा कि हमें इस बात का दुख है कि लगातार इस तरह के हमले हो रहे हैं। पुलिस इन हमलों को अंजाम देने वालों की तलाश में जुटी है।