जम्मू की कोट भलवाल जेल गैंगस्टरों के लिए अय्याशी का अड्डा बन गई है। कुछ दिन पहले ही जेल में बंद गैंगस्टर सन्नी बाबा और अमनदीप हत्याकांड में शामिल रायल सिंह ने पार्टी मनाई। इसकी तस्वीरें भी खींची गईं। इन तस्वीरों में सांबा और अन्य जिलों के गैंगस्टर भी दिखे। तस्वीरें वायरल के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा। शायद यही कारण है कि गुरुवार को सीआईडी को कार्रवाई करनी पड़ी।
सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले एक गैंगस्टर का जन्मदिन था, जिसकी जेल में पार्टी की गई। जेल में एक मैच हुआ। मैच के बाद जेल में बंद सन्नी बाबा और रायल सिंह ने अन्य गैंगस्टरों के साथ मिलकर तस्वीरें खींची। हालांकि ये दोनों गैंगस्टर एक-दूसरे के खिलाफ रहे हैं, लेकिन इनका एक साथ होना और फोटो खींचकर वायरल करना पुलिस महकमे को काफी खटका और इसके बाद ही जेल में छापामारी की गई। यह फोटो कई पुलिस अफसरों के पास भी पहुंच गईं, इसके बाद एडीजीपी जम्मू मुकेश सिंह ने सीआईडी के साथ मिलकर कार्रवाई की।