प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में एक बार फिर जम्मू जिले के अरनिया की सीमावर्ती पंचायत तरेवा की मुखिया बलबीर कौर, श्रीनगर की डल झील में तैरती बोट एंबुलेंस बनाने वाले तारिक पतलू और बांदीपोरा के वेयान गांव का सौ फीसदी टीकाकरण के लिए नाम लेकर सराहना की। इसके बाद ये फिर सुर्खियों में है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में दूसरी बार सरपंच बलबीर कौर का लिया। बलबीर ने गत वर्ष कोविड-19 के दौर में सरपंच बलबीर कौर ने पुलिस के सहयोग से अरनिया में 50 बिस्तर का कोविड केंद्र तैयार कराया था। इसकी मन की बात में प्रधानमंत्री ने प्रशंसा की थी। इस बार भी क्षेत्र में 25 बिस्तर का कोविड केंद्र तैयार किया गया। प्रधानमंत्री ने लोगों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करते हुए बांदीपोरा के वेयान गांव का जिक्र किया। उन्होंने प्रशासन के साथ उनकी सराहना की जिनके प्रयासों से इस गांव में 18 साल से ऊपर के सभी लोगों का सौ फीसदी टीकाकरण किया जा सका।
श्रीनगर के तारिक के काम को भी सराहा
पीएम ने मन की बात में जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के तारिक अहमद पतलू के काम को सराहा है। तारिक ने कोरोना को हराने और डल झील इलाके के लोगों की मदद के लिए एक एंबुलेंस बनाई है। इस शिकारा एंबुलेंस में पीपीई किट, स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की सुविधा है। तारिक ने कहा कि मुझे अपने काम पर गर्व है। करीब दो महीने की मेहनत और 12 लाख रुपये की लागत के बाद वह इस शिकारा एंबुलेंस को तैयार कर पाए।