जम्मू संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कोविड टीकाकरण का पंजीकरण करवाने में कई दिक्कतें पेश आ रही हैं। गांव के लोगों का पंजीकरण न होने की वजह दूरदराज इलाकों और सीमावर्ती क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क न होना है। कई ग्रामीणों के पास स्मार्टफोन भी नहीं हैं, जिससे वो पंजीकरण नहीं कर पा रहे हैं। अधिकतर लोगों को इस बारे में पूरी जानकारी भी नहीं है। कई बार स्लॉट भी खाली नहीं मिल रहे, जिससे पंजीकरण करवाने में दिक्कत आ रही है। मढ़ के निवासी दीपक पांडे, प्रदीप चौहान, विनोद कुुमार बिट्टू, सिद्धार्थ शर्मा, रंजीत सिंह चिब, संदीप जमवाल, जसवीर सिंह चिब, समाजसेवी तरसेम लाल शिंदा ने बताया कि 18 से 45 साल की आयु वर्ग के प्रदेश में करीब 65 लाख लोग हैं, इन सबका टीकाकरण शुरू हो गया है। लेकिन गांवों में बने टीकाकरण केंद्रों में ग्रामीणों से ज्यादा शहरी पहुंच रहे हैं। सरकार द्वारा 18 से ऊपर आयु वाले लोगों के लिए खोले गए टीकाकरण केंद्रों में एक दिन में ढाई सौ तक टीकाकरण हो रहा है। उनमें से ग्रामीण क्षेत्र के 30 से 40 लोग ही टीकाकरण करवाने में कामयाब हो रहे हैं, बाकी शहरी लोग ही पहुंच रहे हैं।