जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ने के साथ मौतों में भी भारी गिरावट आई है। प्रदेश में शनिवार को पिछले 63 दिन बाद 4 ही संक्रमित मरीजों की मौतें हुई हैं। गत 17 अप्रैल को प्रदेश में कोरोना से 3 मौतें दर्ज हुई थीं, जिसके बाद यह ग्राफ लगातार ऊपर चलता गया और मई में पीक पर एक ही दिन में 70 से अधिक मौतें भी दर्ज की गई थीं। जम्मू कश्मीर में सक्रिय मामलों में भी गिरावट के साथ यह आंकड़ा दस हजार से नीचे 9414 तक पहुंच गया है। प्रदेश में कोरोना रिकवरी दर 96 फीसदी तक है। इस बीच शनिवार को 521 नए संक्रमित मामले मिले हैं। पिछले चौबीस घंटे में जीएमसी जम्मू में 1, जीएमसी राजोरी में 1, डीएच पुलवामा में 1 और स्किमस सोरा में 1 मरीज की मौत हुई है। रामबन, रियासी और शोपियां में 5 या इससे कम तक ही नए संक्रमित मामले मिले हैं। इसके अलावा पुंछ, किश्तवाड़, सांबा, कठुआ, राजोरी, उधमपुर, कुलगाम, गांदरबल में 20 से कम नए संक्रमित मामले मिले हैं। जिला जम्मू में 26 नए संक्रमित मिले, जबकि श्रीनगर जिला में सर्वाधिक 117 नए संक्रमित मामले मिले हैं।