जम्मू-कश्मीर में कोरोना की चेन तोड़ने के लिए पूरे प्रदेश में पेड सार्वजनिक पार्क (जहां टिकट लगता है) बंद कर दिए गए हैं। अगले आदेश तक इसमें लोगों का प्रवेश नहीं हो पाएगा। सभी नगर निगम व स्थानीय निकाय की सीमा में नाइट कर्फ्यू का समय दो घंटे बढ़ा दिया गया है। अब कर्फ्यू का समय रात 10 बजे के बजाय रात आठ बजे शुरू होगा, जो सुबह छह बजे तक जारी रहेगा। इस बीच अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति को बिना किसी बाधा के सुनिश्चित बनाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव सिमरनदीप सिंह के अनुसार कोविड के वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए और सख्ती करने का फैसला लिया गया है। इसके तहत नाइट कर्फ्यू का समय बढ़ाने और अगले आदेश तक सभी पेड सार्वजनिक पार्कों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर ने संभाग के सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि ऑक्सीजन सिलिंडरों को अस्पतालों में पहुंचाने वाले वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर सुनिश्चित करें।
जम्मू संभाग के अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह अस्पतालों में जरूरत के हिसाब से ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित जिला उपायुक्तों से कहा है कि खाली ऑक्सीजन के सिलिंडरों को समय पर भरा जा सके इसकी भी व्यवस्था करें। ऑक्सीजन उत्पादन कंपनियों को 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की जाए। गैर चिकित्सा या औद्योगिक उपयोग के लिए पहले ही ऑक्सीजन की आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है।
ऑक्सीजन की स्थिति पर कमेटी की नजर
नेशनल हेल्थ मिशन के निदेशक डॉ. यासीन चौधरी ने बताया कि ऑक्सीजन सिलिंडरों की अस्पतालों में उपलब्धता व मांग पर नजर रखने के लिए ड्रग कंट्रोलर जेएंडके की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी अस्पतालों में ऑक्सीजन की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैै। कमेटी नियमित रूप से सरकार को रिपोर्ट भेज रही है। कमेटी जम्मू, सांबा, कठुआ और उधमपुर में आठ निजी मेडिकल ऑक्सीजन सप्लाई कंपनियों से भी समन्वय स्थापित किए हुए हैै।
संभाग के 17 अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट की प्रगति जानी
मंडलायुक्त ने जम्मू संभाग में 17 अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांटों को स्थापित करने के कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों ने उन्हें बताया कि तय समयावधि के भीतर ऑक्सीजन के प्लांट अस्पतालों में अपना काम करना शुरू कर देंगे। इसके लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है। डॉ. लंगर ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना से जिलों में कोरोना मरीजों के लिए बेड की क्षमता बढ़ जाएगी।
कोरोना की चेन तोड़ने के लिए प्रदेश में 34 घंटे का रहा लॉकडाउन
जम्मू-कश्मीर में 34 घंटे का लॉकडाउन रहा। शनिवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह तक पूरी तरह कोरोना कर्फ्यू रहा। इस दौरान आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं की सभी प्रकार की गतिविधियां बहाल रहीं। जम्मू और कश्मीर दोनों ही संभाग में पुलिस ने कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराया। दोनों ही संभागों में सड़कें सूनी और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। केवल सुरक्षा बलों के जवान ही सड़कों पर दिखे। सुरक्षा बलों की ओर से कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। कर्फ्यू का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बलों की लगातार गश्त रही। पुलिस की ओर से लाउडस्पीकर से लोगों से घर में रहने की अपील की जा रही थी।