जम्मू संभाग में रियासी जिले के थाना चसाना में बुधवार को हुई महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस वारदात को महिला के पति ने अपने भाई के साथ मिलकर अंजाम दिया था। दोनों ने मिलकर धारदार हथियार से महिला की बेरहमी से हत्या की थी। जिसके बाद खुंदरधन निवासी मंजूर अहमद पुत्र मोहम्मद अब्दुल्ला ने पुलिस को बहन शमीम अख्तर(22 साल) की हत्या की सूचना दी थी।
शमीम की शादी करीब तीन साल पहले शब्बीर से हुई थी। जिसके कुछ समय बाद दोनों के रिश्ते में खटास आनी शुरू हो गई। शब्बीर ने पत्नी को वापस उसके माता-पिता के घर भेज दिया। बुधवार को जब वह खेत में मवेशी(जानवर) चरा रही थी, तभी उसका पति मोहम्मद शब्बीर अपने भाई के साथ आ धमका। इससे पहले शमीम कुछ समझ पाती दोनों ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन काट दी। शमीम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।