जम्मू संभाग के डोडा जिले में संदिग्ध देखे जाने की सूचना पर सुरक्षाबल बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चला रहे हैं। इस ऑपरेशन को सेना की 4-आरआर(राष्ट्रीय राइफल्स), जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीमा सुरक्षाबल के जवानों की संयुक्त टीम अंजाम दे रही है।
बता दें कि जिले में भालेसा के टांटा इलाके में कुछ संदिग्ध देखे गए। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने अन्य सुरक्षाबलों के साथ अभियान शुरू किया है। गौरतलब है कि कश्मीर घाटी में खात्मे की कगार पर पहुंच चुके आतंकी अब जम्मू संभाग की ओर रुख कर रहे हैं। इसके लिए आतंकी संगठन पुराने रूटों को फिर से सक्रिय करने में जुटे हैं।
आतंकी जम्मू संभाग को दहलाने की लगातार कोशिशें कर रहे हैं। राजोरी के खांडली स्थित भारतीय जनता पार्टी के मंडल प्रधान जसबीर सिंह के घर पर हुआ आतंकी हमला इन्हीं साजिशों की अगली कड़ी माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि आतंकी इस हमले को अंजाम देने के लिए पिछले कई दिनों से जसबीर के घर की रेकी कर रहे थे।
जम्मू एयरबेस पर ड्रोन हमला, राजोरी में भाजपा नेता के घर पर ग्रेनेड हमला, पुंछ में हथियारों की बरामदगी, किश्तवाड़ में आतंकियों की गिरफ्तारी और बीते दिनों राजोरी में आतंकियों का मारा जाना इस बात की तस्दीक करता है कि आतंकी संगठन अब जम्मू को दहलाने की साजिशें रच रहे हैं।