कश्मीरी पंडित और भाजपा नेता राकेश पंडिता का शव जम्मू स्थित उनके घर लाया गया। अर्थी उठते ही लोग फफक-फफककर रोने लगे। अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे लोगों ने कहा कि इस कायराना हमले को अंजाम देने वालों का जल्द से जल्द खात्मा किया जाए। कब तक कश्मीरी पंडित इसी तरह अपनी जान गंवाते रहेंगे। बता दें कि कायराना हमला करते हुए आतंकियों ने बुधवार को उनकी हत्या कर दी थी। इस आतंकी हमले में एक महिला भी जख्मी हुई है, जिसे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबल पूरे इलाके को घेरकर अभियान चला रहे हैं।
उधर, पुलिस ने दावा किया है कि राकेश पंडिता को निजी सुरक्षा के लिए दो पीएसओ दिए गए थे, लेकिन बुधवार को वे बिना सुरक्षा के ही त्राल चले गए। पुलिस के अनुसार राकेश पंडिता पुत्र सोमनाथ पंडिता बुधवार को त्राल बाला इलाके में अपने मित्र मुस्ताक भट्ट के घर आए थे।