डल झील के आसमान में लड़ाकू विमानों के रोमांचक करतब और हेलिकॉप्टरों की हैरतअंगेज कलाबाजियों ने दिल जीत लिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से वायुसेना के जवानों का हौसला बढ़ाया। मौका था मेगा एयर शो का। इसमें सूर्यकिरण एक्रोबेटिक्स टीम के करतब, पैरामोटर और पावर्ड हैंग ग्लाइडर डिस्प्ले, मिग 21 बाइसन से फ्लाईपास्ट, एसयू 30 एयरक्राफ्ट ने एक्रोबेटिक्स एयर डिस्प्ले दिया।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रविवार को श्रीनगर में डल झील के किनारे मेगा एयर शो आयोजित किया गया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कार्यक्रम का आयोजन एसकेआईसीसी से शुभारंभ किया। भारतीय वायु सेना में नौकरी के अवसरों के बारे में युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए शो की थीम ‘गिव विंग्स टू योर ड्रीम्स’ रखी गई थी। इस अवसर पर भारतीय वायुसेना की वेस्टर्न कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ एयर मार्शल बीआर कृष्णा भी मौजूद रहे। एयर शो में सबसे पहले पैरा मोटर डिस्प्ले हुआ, जिसके बाद भारतीय वायुसेना की आकाश गंगा टीम ने डल झील के ऊपर एमआई 17 हेलीकॉप्टर ड्राप किया। इस दौरान हवा में अलग-अलग करतब दिखाए गए।