कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को दिल्ली के कीर्तिनगर स्थित फर्नीचर मार्केट पहुंचे और वहां कारीगरों से मुलाकात की। इसको लेकर उन्होंने एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, एशिया के सबसे बड़े फर्नीचर मार्केट जाकर आज बढ़ई भाइयों से मुलाकात की। ये मेहनती होने के साथ ही कमाल के कलाकार भी हैं। मजबूती और खूबसूरती तराशने में माहिर। काफी बातें हुईं, थोड़ा उनके हुनर को जाना और थोड़ा सीखने की कोशिश की।
फर्नीचर मार्केट पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी
- फोटो : twitter.com/RahulGandhi
बीते गुरुवार को ही कांग्रेस नेता ने रेलवे स्टेशन पर कुलियों से मुलाकात की थी। इस दौरान राहुल ने कुली की ड्रेस पहनकर यात्रियों का सामान भी उठाया था। इससे पहले राहुल ट्रैक्टर चलाते नजर आए थे। उन्होंने किसानों के साथ धान भी रोपा था।
बीते कुछ दिनों में कांग्रेस नेता की इस तरह की कई तस्वीरें सामने आ चुकी हैं। कभी वह दिल्ली में मोटर मैकेनिकों के साथ दिखते हैं तो कभी ट्रक ड्राइवरों से बात करते हुए। कभी यूपीएसएसी तैयारी कर रहे छात्रों के बीच पहुंच जाते हैं तो कभी कॉलेज कैन्टीन में खाना खाते नजर आते हैं। आइये इन तस्वीरों को सिलसिलेवार तरीके से देखते हैं...
कुली बने राहुल गांधी
- फोटो : ANI
कुली बन सुना उनका दर्द: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 21 सितंबर को नई दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर कुलियों से मुलाकात की। उन्होंने कुलियों से बात की और उनकी परेशानियों को भी सुना। इस दौरान राहुल ने कुली की ड्रेस पहनकर यात्रियों का सामान भी उठाया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ सब्जी विक्रेता रामेश्वर।
- फोटो : ANI
जब वायरल सब्जी विक्रेता से मिले राहुल: 14 अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में सब्जी विक्रेता रामेश्वर से मुलाकात की। राहुल गांधी ने रामेश्वर रामेश्वर के साथ खाना भी खाया। सब्जी विक्रेता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था जिसमें वह टमाटर की बढ़ी कीमतों के कारण आ रही मुश्किलों पर बात करते हुए भावुक हो गए थे।
राहुल गांधी ने धान की रोपाई की
- फोटो : SOCIAL MEDIA
धान की रोपाई की: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आठ जुलाई की सुबह अचानक हरियाणा में सोनीपत जिले के बरोदा क्षेत्र में पहुंचे। यहां उन्होंने गांव मदीना के खेतों में पहुंचकर किसानों और मजदूरों से बातचीत की। फसल की जानकारी ली। धान की रोपाई की।
राहुल गांधी ने चलाया ट्रैक्टर
- फोटो : अमर उजाला
ट्रैक्टर भी चलाया: रास्ते में कई जगह वह खेतों में रुके। मदीना में उन्होंने खेतों में धान रोपाई की जानकारी ली और खुद भी मजदूरों के साथ धान रोपने लगे। इस दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों से भी उन्होंने बातचीत की। उन्होंने खेत में धान की रोपाई से पहले जमीन तैयार करने को ट्रैक्टर भी चलाया।
Rahul Gandhi at Mechanic Shop
- फोटो : Agency (File Photo)
दिल्ली में बंटाया मैकेनिकों का हाथ: 27 जून को राहुल अचानक दिल्ली के करोल बाग मार्केट में एक बाइक बनाने वाले मैकेनिक की दुकान पर पहुंच गए थे। उन्होंने फेसबुक पर मैकेनिकों के साथ अपनी बातचीत की तस्वीरें पोस्ट कीं और लिखा, 'उन हाथों से सीखना जो रिंच घुमाते हैं और भारत के पहियों को गतिमान रखते हैं।'
अमेरिका में भारतीय मूल के ट्रक ड्राइवर के साथ राहुल गांधी
- फोटो : यूट्यूब/राहुल गांधी
अमेरिका में ट्रक यात्रा की: 23 जून को राहुल गांधी ने अमेरिका में भारतीय मूल के एक ड्रक ड्राइवर के साथ वॉशिंगटन डीसी से न्यूयॉर्क तक की यात्रा की। इस दौरान उन्होंने ट्रक ड्राइवर से लंबी बातचीत की और उनके रोजमर्रा के जीवन के बारे में जाना। कांग्रेस के मुताबिक, भारत के साथ-साथ विदेश में भी लोगों को सुनने की यात्रा को जारी रखते हुए कांग्रेस नेता वाशिंगटन डीसी से न्यूयॉर्क तक ट्रक ड्राइवर तलजिंदर सिंह विक्की गिल और उनके साथी रंजीत सिंह बानीपाल के साथ 190 किलोमीटर की 'अमेरिकी ट्रक यात्रा' पर निकले।
राहुल गांधी ने ट्रक में किया सफर।
- फोटो : ANI
जब चंडीगढ़ में भी ट्रक यात्रा पर निकले राहुल: 23 मई को राहुल ने दिल्ली से चंडीगढ़ तक का सफर ट्रक से किया और इस दौरान ट्रक चालकों की समस्याएं सुनीं। राहुल ने रास्ते के ढाबों में रुककर ट्रक चालकों से बातचीत भी की।
राहुल दिल्ली के शकूर बस्ती इलाके में
- फोटो : SOCIAL MEDIA
झुग्गियों में रहने वाली महिलाओं से मिलने पहुंचे: 17 मई को राहुल दिल्ली के शकूर बस्ती इलाके में पहुंचे। यहां उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास झुग्गियों में रहने वाली महिलाओं से बात की। पार्टी की ओर से जारी एक वीडियो में झुग्गी की कुछ महिलाएं महंगाई को लेकर भी राहुल से बात करती दिखीं।
छात्रों के बीच राहुल गांधी
- फोटो : अमर उजाला
डीयू में छात्रों के साथ खाया खाना: पांच मई को राहुल दिल्ली विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के बीच पहुंचे। राहुल आधे घंटे से ज्यादा छात्रों के साथ रहे और कैंटीन में बैठकर खाना खाया। इस दौरान उन्होंने छात्रों के साथ पढ़ाई, रोजगार, बेरोजगारी से संबंधित विषयों पर बातचीत की।
Rahul Gandhi with UPSC Aspirants
- फोटो : Social Media
मुखर्जी नगर में छात्रों से मिले: 20 अप्रैल को राहुल दिल्ली के मुखर्जी नगर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के साथ बात करने के लिए पहुंचे। यहां राहुल को छात्रों के साथ सड़क किनारे एक कुर्सी पर बैठे देखा गया। कांग्रेस नेता ने छात्रों से उनकी उम्मीदों और अनुभवों के बारे में पूछा।
गोलगप्पे खाते राहुल गांधी
- फोटो : SOCIAL MEDIA
गोलगप्पों का स्वाद चखा: 19 अप्रैल को राहुल पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद क्षेत्र और बंगाली बाजार के लोकप्रिय व्यंजनों का लुत्फ उठाते नजर आए। उन्होंने जामा मस्जिद क्षेत्र और अन्य भोजनालयों में एक प्रसिद्ध 'शरबत' विक्रेता से मुलाकात की। उन्होंने फल भी खाए और बंगाली मार्केट में नाथू स्वीट्स में 'गोलगप्पों' का स्वाद चखा।