यमुनानगर में राज्यस्तरीय कपालमोचन मेले में रविवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही स्नान के लिए श्रद्धालु कपालमोचन, ऋणमोचन और सूरजकुंड सरोवर पहुंचने लगे, जहां रात 12 बजे के बाद श्रद्धालु सरोवरों में डुबकी लगाकर दीपदान करेंगे। साथ ही कपालमोचन में गुरुद्वारा पहली एवं दसवीं पातशाही, गऊ बच्छा मंदिर, गुरु रविदास मंदिर, सूरजकुंड कुंड पर बाबा दूधाधारी की समाधि पर माथा टेकेंगे। प्रशासन के अनुसार, चार दिनों में कपालमोचन में करीब छह लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के साथ ही 27 नवंबर को मेले का समापन होगा।