हरियाणा के सोनीपत के गांव ककरोई के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पश्चिमी यमुना लिंक नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई और चौथा दोस्त लापता है। युवकों ने अपने एक अन्य दोस्त को कुछ समय पहले झगड़ा होने के चलते कार से उतार दिया था। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। साथ ही हाइड्रा बुलाकर कार को बाहर निकलवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली के सुल्तानपुरी स्थित बलबीर विहार निवासी अरविंद (35) अपने दोस्त सुल्तानपुरी के मकान नंबर डी 2-432 निवासी सुखविंद्र (19), डी 1-110 निवासी विक्रम, सुल्तानपुरी के ही नवीन व सुरेंद्र के साथ रविवार देर रात मुरथल स्थित ढाबे पर पराठे खाने आए थे। वहां से वह सोमवार सुबह गांव भठगांव स्थित एक दोस्त से मिलने आ गए।