फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Commonwealth Games: हरियाणवी दिखाएंगे दम, देश के 213 खिलाड़ियों में हरियाणा के 43 खिलाड़ी शामिल

Fri, 29 Jul 2022 12:40 AM IST
भूपेंद्र सिंह रवींद्र कौशिक, संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)

सार

हरियाणा के 11 पहलवान, 11 हॉकी खिलाड़ी, 6 मुक्केबाज, पांच एथलीट समेत अन्य खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। गोल्ड कोस्ट के पांच पदकवीर बर्मिंघम में फिर पताका फहराने को तैयार हैं।
विज्ञापन
1 of 6
रवि दहिया और बजरंग पूनिया - फोटो : सोशल मीडिया
हरियाणा के धाकड़ छोरे-छोरियों से इस बार भी राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। इंग्लैंड के बर्मिंघम में 28 जुलाई से शुरू हुए राष्ट्रमंडल खेलों में देश के 213 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें अकेले हरियाणा से 43 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें ज्यादातर पदक के दावेदार हैं। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुए राष्ट्रमंडल खेलों के पांच पदकवीर बर्मिंघम में फिर पताका फहराने को तैयार हैं। हॉकी में बेटियां 16 साल बाद पदक जीतने को उतरेंगी तो बेटे भी पहली बार सोना जीतने को लालायित हैं। 

राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों का इतिहास शानदार रहा है। वर्ष 2018 में गोल्ड कोस्ट में देश के खिलाड़ियों ने 66 पदक जीते थे। जिसमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने नौ स्वर्ण सहित 22 पदक देश की झोली में डाले थे। प्रतियोगिता में देश तीसरे स्थान पर था। इससे पहले स्कॉटलैंड के ग्लासगो में वर्ष 2014 में देश को 64 पदक मिले थे, जिसमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 19 पदक जीते थे। देश को पांचवां स्थान मिला था।

वहीं नई दिल्ली में वर्ष 2010 में हुए खेलों में देश को अब तक के सबसे अधिक 101 पदक मिले थे। जिसमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 27 पदक जीते थे। मेजबान होते हुए देश दूसरे स्थान पर रहा था। बर्मिंघम में प्रदेश के 43 खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें 11 पहलवान, 11 हॉकी खिलाड़ी, 6 मुक्केबाज, पांच एथलीट समेत अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। जिनसे इस बार पुराने रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है।

इनमें रवि दहिया, बजरंग पूनिया, दीपक पूनिया, विनेश, सीमा आंतिल, सुमित कुंडू, अमित पंघाल समेत कई खिलाड़ी पदक के प्रबल दावेदार हैं। हालांकि नीरज चोपड़ा के चोटिल होने से खेल प्रेमियों को झटका लगा है। नीरज वर्तमान प्रदर्शन के आधार पर स्वर्ण के सबसे प्रबल दावेदार थे। साथ ही निशानेबाजी को इस बार राष्ट्रमंडल से बाहर किए जाने का असर भी पदक तालिका को प्रभावित कर सकता है। पिछले राष्ट्रमंडल में हरियाणा के ही पांच खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य जीता था। 
विज्ञापन

2 of 6
विनेश फोगाट - फोटो : फाइल फोटो
वहीं गोल्ड कोस्ट में पांच पदकवीर इस बार फिर से पदक जीतने की तैयार हैं। गोल्ड कोस्ट में स्वर्ण विजेता विनेश फोगाट व बजरंग पूनिया, रजत पदक विजेता अमित पंघाल व सीमा आंतिल व कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक फिर से पदक जीतने को जमकर पसीना बहा रही हैं। 
विज्ञापन

3 of 6
साक्षी मलिक - फोटो : सोशल मीडिया
कुश्ती में छाने को तैयार है हरियाणवी पहलवान 
कुश्ती में हरियाणवी पहलवानों का दबदबा रहा है। बर्मिंघम में 11 पहलवान अपना दमखम दिखाने जा रहे हैं। जिसमें टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता रवि दहिया व कांस्य पदक विजेता बजरंग के साथ ही ओलंपियन दीपक पूनिया, नवीन, दीपक नेहरा व मोहित के साथ ही महिला पहलवान विनेश, साक्षी मलिक, अंशू मलिक, पूजा गहलावत व पूजा सिहाग शामिल हैं। 

4 of 6
सविता पुनिया - फोटो : सोशल मीडिया
हॉकी में महिला व पुरुष वर्ग ने की कड़ी मेहनत 
हॉकी में इस बार देशवासियों को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। महिला हॉकी टीम में हरियाणा की नौ खिलाड़ी हैं। जिसमें नेहा गोयल, सविता पूनिया, मोनिका मलिक, शर्मिला, उदिता, निशा, ज्योति, नवजोत व नवनीत बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में वर्ष 2002 में इंग्लैंड के मैनचेस्टर में स्वर्ण व उसके बाद मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया में वर्ष 2006 में रजत मिला था। उसके बाद 16 साल से महिला हॉकी टीम पदक नहीं जीत सकी है। इस बार यह सूखा खत्म होने की उम्मीद है। वहीं पुरुष टीम ने वर्ष 2010 दिल्ली राष्ट्रमंडल व 2014 ग्लासगो राष्ट्रमंडल में रजत जीते हैं। इस बार भारत राष्ट्रमंडल में सोना जीतने की तैयारी में है। भारतीय हॉकी टीम में हरियाणा का अभिषेक व सुरेंद्र कुमार देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।  
विज्ञापन

5 of 6
अमित पंघाल - फोटो : social media
ये खिलाड़ी भी पदक जीतने पहुंचे 
कुश्ती व हॉकी के अलावा इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में मुक्केबाजी में महिला वर्ग में नीतू व जैसमीन व पुरुष वर्ग में अमित पंघाल, सुमित कुंडू, संजीत व सागर, एथलेटिक्स में संदीप, अमित के साथ सीमा आंतिल, शिल्पा रानी, मनप्रीत कौर भाग ले रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
शेफाली वर्मा - फोटो : बीसीसीआई
क्रिकेट में शेफाली वर्मा, साइकलिंग में मयूरी धनराज व मीनाक्षी, जूडो में सूचिका तरियाल, जिम्नास्टिक में योगेश्वर सिंह शामिल हैं। इसके अलावा पैरा में पावर लिफ्टर सुधीर लाठ पदक के प्रबल दावेदार हैं। वही पैरा एथलीट देवेंद्र कुमार, पूनम शर्मा, संतो व शर्मिला देश को पदक दिलाने को कड़ी मेहनत में लगे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें