हरियाणा के सोनीपत जिले में बहालगढ़ स्थित साई सेंटर में रविवार को दूसरी खेलो इंडिया तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें एनओसीई (नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) सोनीपत के तीरंदाजों ने रिकर्व के पुरुष व महिला वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। रिकर्व व सीनियर वर्ग के लिए आयोजित दो दिवसीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में नॉर्थ जोन के 10 राज्यों से 309 तीरंदाजों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भारतीय तीरंदाजी संघ नॉर्थ जोन के चेयरमैन राजेंद्र सिंह तोमर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। साई केंद्र की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा व उत्तर क्षेत्र समिति के संयोजक सुनील शर्मा ने अतिथियों व सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया। मुख्यातिथि राजेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि दूसरे खेलो इंडिया तीरंदाजी प्रतियोगिता खिलाड़ियों का हुनर जांचने के लिए करवाई गई है। हमारा लक्ष्य हर घर आर्चरी, हर गांव आर्चरी है। साई केंद्र में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन रिकर्व और कंपाउंड स्पर्धाओं के कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेताओं को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ।