देश ने ओलंपिक में कुल 35 तो एकल प्रतियोगिताओं में 23 व टीम खेलों में 12 पदक जीते हैं। प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि हमारे खिलाड़ियों ने तीस प्रतिशत पदक देश की झोली में डाले हैं। हरियाणा एकमात्र ऐसा राज्य है जो लगातार चार ओलंपिक खेलों में देश के लिए पदक जीते हैं। साथ ही हर बार ओलंपिक में भाग लेने वालों की संख्या भी बढ़ी है। देश की आबादी के दो प्रतिशत जनसंख्या वाला हरियाणा एकल स्पर्धा में 30 प्रतिशत पदक दिला चुका है। वहीं टीम गेम्स में भी हरियाणा के खिलाड़ियों की भागीदारी रही है। 2008 ओलंपिक में भिवानी के बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने कांस्य पदक, 2012 में कुश्ती में योगेश्वर दत्त ने कांस्य पदक व हिसार में जन्मी साइना नेहवाल ने बैडमिंटन में कांस्य पदक, 2016 में देश ने दो ही पदक जीते थे, जिनमें रोहतक की साक्षी मलिक ने कुश्ती में कांस्य पदक व 2020 में नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण, रवि दहिया ने रजत व बजरंग पूनिया ने कांस्य पदक जीते।