झज्जर जिला पुलिस की अपराध अनुसंधान शाखा ने तीन लोगों को 100 और 500 रुपये के नकली नोटों का धंधा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 47 हजार 500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन नकली नोटों का असली स्रोत क्या है, इनको कौन और कहां छापता है। पकड़े गए लोगों में एक दिल्ली का, एक सोनीपत जिले का और एक उत्तर प्रदेश का निवासी है।
गुरुवार को उपपुलिस अधीक्षक अरविंद दहिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि सीआईए-2 बहादुरगढ़ ने दिल्ली के गांव पंजाब खोड़ के निवासी मंजीत, सोनीपत जिले के गांव पीपली निवासी फारूख और उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव पांची निवासी इसरार को नकली नोटों का अवैध धंधा करने के आरोप में पकड़ा है। फारूख के कब्जे से 38 हजार 200 रुपये और मंजीत से नौ हजार 500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं।