सोनाली फोगाट की बेटी यशोधरा ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया को ट्वीट कर कहा कि मेरी मां का केस गोवा पुलिस से लेकर सीबीआई को सौंपा जाए। उन्होंने इसको लेकर लोगों से समर्थन की मांग की है। रविवार को मीडिया के सामने आकर यशोधरा ने खुद की व परिवार की जान का खतरा बताया था। उधर, सोनाली फोगाट के भांजे विकास का कहना है कि गोवा सरकार ने अभी तक मामले की जांच सीबीआई को नहीं सौंपी है। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के वकील के साथ मिलकर हाईकोर्ट जाएंगे।
यशोधरा ने हैशटैग जस्टिस फॉर सोनाली का किया इस्तेमाल
सोनाली फोगाट की मौत के बाद भी उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार पोस्ट की जा रही हैं। सोनाली द्वारा की गई आखिरी पोस्ट के बाद से लेकर अब तक नौ फोटो पोस्ट किए जा चुके हैं। इनमें से ज्यादातर फोटो सोनाली के अपनी बेटी, पति, भाइयों के साथ हैं। दो फोटो अकेले सोनाली के हैं जो काफी पुराने बताए जा रहे हैं।