एनएच-44 पर गांव रसोई के पास अधूरा पड़ा फ्लाईओवर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बीसवां मील चौक से सिंघु बॉर्डर तक 8 किमी. के सफर में लग रहा एक घंटा तक
सोनीपत। किसान आंदोलन के चलते 13 माह तक बंद रहे एनएच-44 पर अब फ्लाईओवर निर्माण के चलते रोजाना लंबा जाम लग रहा है। बीसवां मील, नाथूपुर, प्याऊ मनियारी व निफ्टम चौक के पास फ्लाईओवर निर्माण के चलते महज दो लेन पर वाहनों का आवागमन होने से 8 किलोमीटर तक वाहन रेंगकर चलते हैं। दस मिनट के सफर में कई बार एक घंटा तक लग जाता है। सबसे ज्यादा दिक्कत बीसवां मील के पास हो रही है। गन्नौर व टेहा के पास भी हालत खराब है। गन्नौर के पास पानीपत-दिल्ली लेन का संपर्क मार्ग बंद किया गया है।
अधूरे हाईवे पर हादसों का खतरा
अधूरा नेशनल हाईवे लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। कई स्थानों पर निर्माण सामग्री पड़ी होने के कारण सफर में जान का खतरा रहता है। सड़क को कई जगह खोदाई कर छोड़ दिया गया है तो कहीं पर निर्माण सामग्री को डाला गया है। इससे हादसे का अंदेशा बना रहता है। कई स्थानों पर संपर्क मार्ग टूट चुका है, जिससे भी दिक्कत होती है।
वर्ष 2019 में होना था पूरा
नेशनल हाईवे 44 पर जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात समेत अन्य राज्यों के रोजाना एक लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। नेशनल हाईवे की मुख्य सड़क आठ लेन व दोनों ओर दो-दो साइड लेन बनाने का काम शुरू किया गया था। इसका काम वर्ष 2019 में पूरा किया जाना था, लेकिन अभी भी करीब 20 फीसदी काम अधूरा पड़ा है। अब इसे वर्ष 2022 के अंत तक पूरा करने की तैयारी है। किसान आंदोलन के चलते नेशनल हाईवे-44 का निर्माण कार्य 13 महीने तक बंद रहा। रिपोर्ट- रविंद्र कौशिक, संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
एनएच-44 पर वाहनों का आवागमन बेहतर करने के लिए फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं। किसान आंदोलन के चलते इसमें देरी हो गई थी। अब तेजी से काम किया जा रहा है। बीसवां मील चौक के पास वाहन चालकों को परेशानी से बचाने के लिए केजीपी तक 14 मीटर चौड़ा संपर्क मार्ग बनाया जा रहा है। हाईवे का निर्माण पूरा होने से यातायात काफी सुहावना हो जाएगा। - आनंद दहिया, डीजीएम, एनएचएआई, सोनीपत