कोलकाता की फर्म, रामगढ़ताल में लग्जरी क्रूज का संचालन करेगी। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की नीलामी में चार फर्में शामिल हुईं। इनमें 7.41 लाख रुपये की सर्वाधिक बोली लगाने वाले राजकुमार राय की फर्म को क्रूज चलाने का अधिकार मिला।
जीडीए प्रशासन के मुताबिक, लग्जरी क्रूज चलाने वाली फर्म को अभी प्रजेंटेशन देना होगा। इसके बाद वर्क आर्डर जारी किया जाएगा। अनुबंध की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फर्म, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पांच करोड़ या उससे अधिक की लागत का क्रूज संचालित करेगी। यह क्रूज विदेश से लाई जाएगी। रामगढ़ताल में ही असेंबल (पार्ट जोड़ना) किया जाएगा। इसमें करीब तीन महीने का समय लगेगा।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि दिवाली तक रामगढ़ताल में क्रूज का संचालन शुरू हो जाएगा। नीलामी में शामिल होने वाली तीन और फर्मों में दूसरे नंबर की डाई फूड एंड फैशन प्राइवेट लिमिटेड ने 7.32 लाख, कांटिनेंटल डेवलपर्स ने 3.90 लाख और मीरा शुक्ला ने 3.27 लाख रुपये की बोली लगाई। जीडीए ने क्रूज के संचालन के लिए न्यूनतम तीन लाख रुपये प्रति माह किराए पर बोली शुरू की थी।