फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Exclusive: गोरखपुर जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के बाद बोलीं साधना सिंह, 'यहां की असली बॉस मैं ही हूं'

Fri, 02 Jul 2021 11:20 PM IST
vivek shukla अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।
विज्ञापन
1 of 7
जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह। - फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में निर्विरोध दूसरी बार जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं साधना सिंह ने मंगलवार को जीत का प्रमाण पत्र लिया, फिर प्राथमिकताएं गिनाईं। साफ कहा कि मुख्य मुद्दा विकास है। भाजपा ने जो भरोसा जताया है, उसपर खरा उतरा जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह की बहू व कैंपियरगंज से भाजपा विधायक फतेहबहादुर सिंह की पत्नी हूं। इस परिवार को विकास परक राजनीति के लिए जाना जाता है। जिला पंचायत की सड़कें अच्छी हों, यह व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी। जो काम कभी नहीं हुए, उसे पूरा कराया जाएगा। पांच वर्षों का कार्यकाल यादगार रहेगा। अमर उजाला संवाददाता से साधना सिंह ने विशेष बातचीत की है। एक सवाल के जवाब में अध्यक्ष ने कहा कि जिला पंचायत की असली बॉस मैं ही रहूंगी। रिमोट कंट्रोल से नहीं चलना है। आगे की स्लाइड्स में पढ़िए बातचीत के अंश...
विज्ञापन

2 of 7
जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह। - फोटो : अमर उजाला।
सवाल- आपके पति विधायक हैं। कहा जा रहा है कि वही जिला पंचायत भी चलाएंगे। आप क्या कहेंगी?
जवाब-
ऐसा बिल्कुल नहीं है। दूसरी बार निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बनी हूं। अध्यक्ष के रूप में काम करने का अनुभव भी है। जिला पंचायत मुझे ही चलाना है। पति फतेहबहादुर सिंह 1991 से ही विधायक हैं। वह क्षेत्र में रहते हैं। विधानसभा क्षेत्र के हर व्यक्ति के सुख-दुख में शामिल होते हैं। उनके पास जिला पंचायत चलाने का समय नहीं रहेगा। हां, इतना जरूर है कि जहां मामला फंसेगा, वहां पति का मार्गदर्शन जरूर लूंगी। जिला पंचायत से जुड़ा सारा फैसला मेरा होगा। असली बॉस मैं ही रहूंगी। रिमोट कंट्रोल से नहीं चलना है।
विज्ञापन

3 of 7
जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह। - फोटो : अमर उजाला।
सवाल- आपका प्रमुख एजेंडा क्या रहेगा?
जवाब-
विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ते हैं। विकास ही करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें अच्छी हों, यह सुनिश्चित होगा। नाली व साफ-सफाई की व्यवस्था अच्छी की जाएगी। जिला पंचायत क्षेत्र में रोजगार की संभावना बढ़े, इसपर भी काम किया जाएगा। 68 वार्डों के विकास एजेंडे व कामकाज के साथ जल्द ही मैदान में होंगे।

4 of 7
जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह। - फोटो : अमर उजाला।
सवाल- आपका निर्वाचन दूसरी बार निर्विरोध हुआ है। क्या कहेंगी?
जवाब-
 ज्यादातर जिला पंचायत सदस्यों का सहयोग मिला है, इसलिए उपलब्धि हासिल की जा सकी। जिला पंचायत सदस्यों ने जो वादा किया है, उसे पूरा कराया जाएगा। किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा। 2010 से 2015 तक जिला पंचायत अध्यक्ष थी। बहुत काम कराया था। पिछले पांच वर्षों में क्या हुआ, यह वहां जाकर की पता चलेगा। क्षेत्रवार विकास का रोडमैप नए सिरे से तैयार करना होगा।
विज्ञापन

5 of 7
डीएम ने भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह को दिया जीत का प्रमाणपत्र। - फोटो : अमर उजाला।
सवाल- आगे विधानसभा चुनाव हैं। क्या चुनौती मानती हैं?
जवाब-
भाजपा के सामने कोई चुनौती नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज से जनता खुश है। भाजपा सरकार में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव दिया जा रहा है। आप कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र को ही ले लीजिए। विकास परक राजनीति की वजह से ही जनता का आशीर्वाद लगातार मिल रहा है। इस बार भी बड़े अंतर से विधानसभा का चुनाव जीतेंगे।
विज्ञापन

6 of 7
जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह। - फोटो : अमर उजाला।
सवाल- मुख्यमंत्री का गृह जनपद है। क्या अच्छा करने का दबाव रहेगा?
जवाब-
कोई अतिरिक्त दबाव नहीं रहेगा। हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़े व जीते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी को तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ा रहे हैं। गोरखपुर में भी बहुत कुछ बदल गया है। जिले के संपूर्ण विकास में मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन व सहयोग मिलेगा। समय से पहले ही विकास को गांव-गांव पहुंचाया जा सकेगा।  
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह। - फोटो : अमर उजाला।
सवाल- नामांकन के दौरान विवाद हुआ था, इसपर क्या कहेंगी?
जवाब- 
देखिए, सुबह 11 बजे नामांकन कराए गए थे। चार सेटों में नामांकन कराया था। रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) के सामने ही रहना होता है। नामांकन स्थल के बाहर क्या हुआ, इसकी कोई जानकारी नहीं है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें