सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजूकेशन (सीबीएसई) ने पहली बार मान्यता पाने वाले विद्यालयों के बारहवीं कक्षा के रोके गए परीक्षा परिणाम मंगलवार की देररात घोषित कर दिए हैं। आरपीएम एकेडमी के छात्र श्रेष्ठ जायसवाल ने 99.6 फीसदी मार्क्स हासिल करके श्रेष्ठता साबित की है। श्रेष्ठ ने ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेन, किशोर वैज्ञानिक फेलोशिप योजना, अखिल भारतीय बायोलॉजी और केमिस्ट्री ओलंपियाड में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। मैथ व बायोलॉजी से बारहवीं की पढ़ाई एक साथ करने वाले श्रेष्ठ शुरू से मेधावी हैं।
सीबीएसई ने इतिहास में पहली बार बारहवीं कक्षा का परिणाम दो चरणों में घोषित किया है। पहले पुरानी मान्यता हासिल करने वाले विद्यालयों के परिणाम घोषित किए गए। अब नई मान्यता वाले विद्यालयों का नंबर आया है। बहरहाल, घोषित परिणाम में शहर के मेधावियों का दबदबा है। ज्यादातर विद्यार्थी अच्छे मार्क्स से पास हुए हैं। विद्यालयों का परिणाम 100 फीसदी बताया गया है।