गोरखपुर जिले के झंगहा से लेकर चौरीचौरा तक शुक्रवार को सात घंटे बवाल चला। पुलिस-प्रशासन के रवैये से असंतुष्ट भीड़ इस तरह से उग्र हुई कि आंसू गैस के गोले तक छोड़ने पड़े। देर रात तक जिले भर की फोर्स के साथ ही पीएसी बुलाई गई, तब किसी तरह से हालात पर काबू पाया गया है। हालांकि, अभी जवान के पार्थिव शरीर की अंत्येष्टि नहीं हो सकी है। शनिवार सुबह पुलिस-प्रशासन अंत्येष्टि की तैयारी में है तो उधर, ग्रामीणों का रुख अभी उग्र ही है।
जानकारी के मुताबिक, राघोपट्टी निवासी धनंजय यादव का पार्थिव शरीर लेकर ग्रामीण गांव से नौ किलोमीटर दूर चौरीचौरा के भोंपा बाजार चौराहे पर पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस-प्रशासन को जरा भी भनक नहीं थी कि इस तरह का बवाल हो जाएगा। उन्हें लगा कि पार्थिव शरीर की यात्रा निकालकर ग्रामीण अंत्येष्टि करा देंगे। लेकिन, पुलिस चूक गई और अचानक भीड़ उग्र होकर धरने पर बैठ गई। रेलवे ट्रैक जाम कर अपने मांग को मनाने पर अड़ गए।