कोरोना संक्रमण से मुक्ति पाने के बाद भी लोगों की बीमारी से पीछा नहीं छूट रहा है। कोरोना से ठीक हो चुके लोगों में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ गया है। जिन लोगों को पहले से हृदय रोग से संबंधित बीमारी नहीं थी, ऐसे लोग भी हृदय से संबंधित समस्याओं का शिकार हो रहे हैं।
गोरखपुर जिला अस्पताल के हृदय रोग विभाग में हर सप्ताह 10-12 ऐसे मरीज बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किए जा रहे हैं। इसके अलावा 70-80 मरीजों की ओपीडी में 25-30 मरीज पोस्ट कोविड की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं।
विशेषज्ञ ऐसे मरीजों को सलाह दे रहे हैं कि वह हृदय की समस्या से जुड़े किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें। ऐसे लोग चिकित्सकों की सलाह पर वैक्सीन लें और अपने ऑक्सीजन लेवल की जांच करते रहें।
मांसपेशियां हो रही हैं कमजोर
जिला अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित गुप्ता ने बताया कि कोविड संक्रमित मरीजों के शरीर में इंफ्लेमेशन को ट्रिगर करता है। जिससे दिल की मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं।