फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर महोत्सव का रंगारंग समापन, CM योगी का संबोधन, देखें अंतिम दिन की झलकियां

Wed, 15 Jan 2020 10:16 AM IST
विजय जैन डिजिटल न्यूज डेस्क, गोरखपुर
विज्ञापन
1 of 8
आरपीएम एकेडमी ग्रीन सिटी में गोरखपुर महोत्सव के तहत प्रतियोगिता में भाग लेते बच्चे। - फोटो : अमर उजाला
राजकीय शोक की वजह से स्थगित हुए गोरखपुर महोत्सव के समापन दिवस पर आज सुबह से विभिन्न प्रतियोगिताएं और रंगारंग कार्यक्रम जारी हैं। आरपीएम एकेडमी में सुबह 10 बजे से योगा मुकाबले हुए। क्षेत्रीय क्रीड़ांगन में कई खेल मुकाबले हुए। बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबाल, कुश्ती, टेबल टेनिस, जिमनास्टिक, फुटबॉल और मैराथन में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

संवाद भवन में फेंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य स्टेज पर टेलेंट शो का आयोजन हुआ। उसके बाद लोकरंग कार्यक्रम के तहत लोकगायकों ने बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। समापन सत्र की शुरुआत हो चुकी है।
समापन समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मौजूद रहेंगे।
विज्ञापन

2 of 8
योगा प्रतियोगिता में भाग लेते प्रतिभागी बच्चे। - फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर महोत्सव के तहत आरपीएम एकेडमी ग्रीन सिटी में योग प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को किया गया। इस दौरान सीबीएसई, आईसीएसई, सरस्वती शिशु मंदिर, परिषदीय जूनियर हाईस्कूल, कस्तूरबा विद्यालयों के 4000 विद्यार्थियों ने एक साथ योग कर शहरवासियों को निरोगी काया का गुरुमंत्र दिया।

दो घंटे के कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सूर्यनमस्कार, अनुलोम विलोम, प्राणायाम, शीर्षासन और हस्तपदासन समेत योग के विभिन्न आसनों को करके बताया। इस दौरान लगातार मंच से इनसे होने वाले फायदों के बारे में जानकारी दी गई।
विज्ञापन

3 of 8
गोरखपुर महोत्सव के तहत आरपीएम एकेडमा में प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए। - फोटो : अमर उजाला
मुख्य अतिथि टोरेंट गैस के कार्यकारी निदेशक डॉ. नरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों से अपने 40 वर्षों के अनुभवों को साझा किया। कहा कि योग में मनुष्य की सभी मानसिक और शारीरिक परेशानियों का समाधान है। जो व्यक्ति प्रतिदिन एक घंटे योग करता है वह निरोगी होकर सुखमय जीवन जीता है।

गोरखपुर मंडल के ज्वाइंट डायरेक्टर योगेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि योग सिर्फ शारीरिक कसरत ही नहीं बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक विकास की कुंजी हैं। डीआईओएस ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि योग करने से शरीर ऊर्जावान बनता है। चिकित्सा विज्ञान भी योग के महत्व को स्वीकार कर चुका है।

आरपीएम ग्रुप ऑफ स्कूल प्रबंध निदेशक अजय कुमार शाही ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है।  स्वस्थ रहकर ही राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। सेंट्रल एकेडमी के डायरेक्टर सृंजय मिश्रा ने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। मौके पर निदेशक आराधना शाही, प्रधानाचार्य संजय सिंह, आरपीएम एकेडमी के डायरेक्टर अरिहंत कौशिक, लता द्विवेदी, यशा श्रीवास्तव, स्मिता श्रीवास्तव, हितेश गोस्वामी, रवि श्रीवास्तव, विनीता गुप्ता आदि मौजूद रहे।

4 of 8
प्रतियोगिता में भाग लेते प्रतिभागी बच्चे। - फोटो : अमर उजाला
:::: कला प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान
गोरखपुर महोत्सव के तहत आरपीएम एकेडमी ग्रीन सिटी की ओर से आयोजित कला प्रतियोगिता के विजेताओं को मंगलवार को पुरस्कृत किया गया। टोरेंट के कार्यकारी निदेशक डॉ. नरेंद्र कुमार ने विजेताओं को सम्मानित किया।

जूनियर ग्रुप में सेंट्रल एकेडमी की सौम्या सिंह, आरपीएम एकेडमी कुसम्ही के सूरज गुप्ता, आरपीएम एकेडमी सिविल लाइंस के सूर्यांश गुप्ता, सीनियर ग्रुप में सेंट जोसेफ स्कूल के अनिमेष चौधरी, मैट्रोपॉलिटन स्कूल के अतुल चौधरी और स्टेपिंग स्टोन की नूर फातिमा को सम्मानित किया गया। इस मौके पर ज्वाइंट डायरेक्टर योगेंद्र नाथ सिंह, डीआईओएस ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

5 of 8
gorakhpur mahotsav - फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर महोत्सव में लोकरंग कार्यक्रम के तहत लोकगायकों ने बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं।

टैलेंट हंट में प्रतिभाओं ने दर्शकों को अपने हुनर से लुभाया
गोरखपुर महोत्सव में टैलेंट हंट कार्यक्रम में शहर की प्रतिभाओं ने अपने हुनर से दर्शकों को खूब लुभाया और तालियां बटोंरी। टैलेेंट हंट में नन्हे, किशोर और युवा कलाकारों ने गायन, अभिनय, नृत्य, वादन आदि प्रस्तुतियों ने रंग जमाया।  

कार्यक्रम का आरंभ सदफ अल्मास ने गीत और इस दिल में क्या रखा है तेरा ही दर्द दबा रखा है, गाकर दर्शकों की तालियां बटोंरीं। आश्वी शर्मा ने भी गीत मैं तैनू समझावां की, न तेरे बिना लगदा जी गाकर दर्शकों को तालियां बजाने को मजबूर किया। अंजना मिश्रा ने पचरा सुनाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। रौनक मिश्रा ने तबले पर तीन ताल बजा कर दर्शकोें को थिरकने पर मजबूर किया। शिवपूजन ने गले से बांसुरी की आवाज निकाल कर अंखियों के झरोखे से तुझे देखा जो सांवरे प्रस्तुत किया तो पंडाल में खामोशी छा गई। गाना खत्म होने के बाद दर्शकों ने तालियां बजाकर सम्मान दिया। नूपुर सरकारी के ग्रुप की उर्वशी श्रीवास्तव, पूजा निषाद, अर्पिता सिंह, रुचिका गौड़ ने भोजपुरी गीत झुलनी के छइयां गाया तो दर्शक झूम उठे। अग्रिमा और अनन्या ने राधा-कृष्ण का भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की वाहवाही लूटी।
विज्ञापन

6 of 8
गोरखपुर महोत्सव में पहुंचे सीएम योगी। - फोटो : अमर उजाला
समापन दिवस पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नगर की स्वच्छता सुरक्षा और विकास में सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है और सबके प्रयास से ही यह यहां तक आया है। महोत्सव प्रशासन की कसौटी होती है। लोगों की सामूहिकता की वजह से स्वच्छता की रैंकिंग में गोरखपुर ग्रामीण नम्बर 1 पर आता है। यूपी देश में और गोरखपुर प्रदेश में स्थान पा सके, इसके लिये स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में आना होगा।

सीएम योगी ने आगे कहा कि कल बाबा गोरखनाथ जी को खिचड़ी चढ़ाने का कार्यक्रम है। पूरी भव्यता के साथ हम मकर संक्रांति को आगे बढ़ा सकें। नौजवानों उद्यमियों और छात्रों के लिये भी कोई आयोजन होना चाहिए। इसमे व्यापार मेले का भी आयोजन होना चाहिए। स्थानीय कलाकारों संस्कृति कर्मियों के लिए भी आयोजनों का माध्यम महोत्सव को बनना चाहिए। आयोजन समिति को हृदय से साधुवाद।

मुख्यमंत्री का पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

CM योगी बोले- बिहार से लौटने में देर हुई तो सोचा मंदिर चला जाऊं, यहां न आता तो गलत हो जाता
 
विज्ञापन

7 of 8
नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को किया जागरूक। - फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर महोत्सव के अंतर्गत यूथ पावर एसोसिएशन के कलाकारों ने गोरखपुर विश्वविद्यालय स्थित तिरंगा झंडा के नीचे, नया सवेरा और रामगढ़ताल पर स्वच्छ भारत मिशन, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।

शहरवासियों को यह बताने का प्रयास किया गया कि किस प्रकार हम अपने घर का कचरा बाहर बिखेर देते हैं और गंदगी का सारा दोष सरकार पर मढ़ देते हैं। अक्सर पानी पीने के बाद टोटी खुला छोड़ देते हैं या घर में बर्तन धोते वक्त टोटी खोले रखते हैं जिससे कि पानी लगातार गिरता रहता है और काफी मात्रा में जल की बर्बादी होती है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव प्रसाद शुक्ला ने बताया कि इस आयोजन में आदर्श राम त्रिपाठी, अरुण कुमार मिश्रा, देवांग त्रिपाठी, अमन सिंह, अदिति त्रिपाठी, शशिकांत पांडेय, अंजू उपाध्याय, शिवम खरवार, समृद्धि चौरसिया, सोने लाल पटेल, शैलेश दुबे, सुरभी चौधरी आदि की सहभागिता रही।
विज्ञापन

8 of 8
सबरंग में कलाकारों ने दर्शकों को झुमाया - फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर महोत्सव के आखिरी दिन मंगलवार को सबरंग कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने दर्शकों को झूमने को मजबूर किया। कार्यक्रम का आरंभ गौतम मिश्र की दमादम मस्त कलंदर कव्वाली की प्रस्तुति से हुआ। साक्षी श्रीवास्तव ने भोजपुरी गीत राती बलमवा देहने गारी, तरकारी के बिना न सुनाकर दर्शकों को झुमाया। अमित भट्ट ने पिया नहीं जब गांव में सुनाकर पिया के विदेश में रहने की पीड़ा व्यक्त की।

उमेश मिश्र ने तन के तंबूरे में सांसों का तार बोले के जरिये श्रोताओं की वाहवाही लूटी। सलोनी मिश्रा ने मेरे रश्के कमर व सजना वे पर सभी को लुभाया। आशवी श्रीवास्तव  के नृत्य ने मन मोह लिया। इसके बाद श्रोताओं व स्कूल बच्चों के अनुरोध पर संयोजक व लोकगायक राकेश श्रीवास्तव ने गोरिया पीसेली अमवा की चटनिया सुनाकर दर्शकोें का भोजपुरी संस्कृति से रूबरू कराया। कार्यक्रम का संचालन प्रेमनाथ और आत्रेय शुक्ल ने किया। जिलाधिकारी के विजयेंद्र पांडियन और मुख्य विकास अधिकारी हर्षिता माथुर ने सभी को प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें