फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर में आफत की बारिश: इतना पानी बरसा कि हर गली और सड़क हो गई लबालब, देखें तस्वीरें

Sat, 02 Oct 2021 08:49 PM IST
vivek shukla अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।

सार

187 मिलीमीटर बारिश हुई जिले में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह 8.30 बजे तक
विज्ञापन
1 of 8
गोलघर की दुकानों में घुसा पानी। - फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में बीते 24 घंटों में इतनी बारिश हुई कि शहर की हर गली और सड़क लबालब हो गई। दुकानों और घरों में पानी घुस गया। इससे लोगों को आवागमन में तो परेशानी हुई ही काफी नुकसान भी झेलना पड़ा है। सबसे ज्यादा नुकसान महेबा मंडी के व्यापारियों को होने की आशंका है। मंडी में कई दुकानों में पानी घुस जाने से व्यापारियों का सामान भीगकर खराब हो गया है।

दरअसल, शुक्रवार रात से लेकर शनिवार सुबह 8.30 बजे तक जनपद में करीब 187 मिलीमीटर बारिश हुई। इतनी बारिश होने से शहर की तकरीबन हर गली और मोहल्ले पानी से भर गए। सड़कें और गलियां नहर व नाला जैसी हो गईं। चाहे बेतियाहाता और तारामंडल जैसे पॉश इलाकों हों या रसूलपुर, जंगल नकहा, सिंघड़िया जैसे निचले इलाके, सभी जगहों पर घुटने भर पानी भर गया।

 
विज्ञापन

2 of 8
गोरखपुर में बारिश। - फोटो : अमर उजाला।
जिला अस्पताल, कलेक्ट्रेट, धर्मशाला बाजार, धर्मशाला अंडरपास, साहबगंज, रेती रोड, गीताप्रेस रोड, बशारतपुर, भेड़ियागढ़, विष्णुपुरम, विजय चौक से सुमेरसागर रोड, रुस्तमपुर, महुईसुघरपुर, आजादनगर पूर्वी, अधिशासी अभियंता बाढ़खंड, दाउदपुर समेत शहर के सैकड़ों इलाकों में जलभराव हो गया। लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव भी बढ़ता जा रहा था। इससे लोगों की चिंताएं और धड़कनें भी बढ़ रही थीं। 
 
विज्ञापन

3 of 8
गोरखपुर में बारिश। - फोटो : अमर उजाला।
फिर मुसीबत साबित हुआ मेडिकल कॉलेज रोड
मेडिकल कॉलेज रोड का फोरेलेन एक बार फिर दोनों ओर की कॉलोनियों के लिए मुसीबत साबित हुआ। इस रोड के किनारे बने नाले में पानी न जाकर नाले का ही पानी कॉलोनियों में जाता रहा। शक्तिनगर वार्ड के पार्षद आलोक सिंह विशेन ने बताया कि बारिश की वजह से आज हम फिर उसी स्थान पर आ गए जिस स्थिति में पहली बारिश के समय थे। स्थिति यह हो गई है कि कॉलोनी का पानी नाले में जाने के बजाय मुख्य नाले का पानी भी कॉलोनी में ही आ रहा है।

4 of 8
गोरखपुर में बारिश। - फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर-देवरिया रोड पर चढ़ा पानी, यातायात प्रभावित
बारिश की वजह से देवरिया रोड पर भी पानी भर गया। इससे गाड़ियों के आवाजाही काफी ज्यादा प्रभावित हुई। दरअसल गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर पानी आने की वजह से गाड़ियों के साइलेंसर पानी में डूब कर बंद होने लगे। इससे लोगों को धक्का लगाकर गाड़ी को बाहर निकालना पड़ा। वहीं, सांसद रवि किशन के आवास के सामने भी पानी भर गया। कई लोगों ने यहां पर जाल लगाकर मछली भी पकड़ी।

 
विज्ञापन

5 of 8
गोरखपुर में बारिश। - फोटो : अमर उजाला।
घरों और दुकानों में घुसा पानी
झमाझम बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। धर्मपुर इलाके के सहयोग विहार के कई घरों में पानी घुस गया। सहयोग विहार के मुकेश वर्मा ने बताया कि पिछली बारिश के दौरान जलभराव से काफी नुकसान हुुआ था। इस बार रात में ही सामान को उठाकर ऊपर रख दिया था। इस कारण नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन घर में करीब एक फीट तक पानी भर गया। शनिवार शाम तक पानी घटने के बावजूद सात से आठ इंच तक पानी भरा है।
विज्ञापन

6 of 8
गोरखपुर में बारिश। - फोटो : अमर उजाला।
महेबा मंडी में नाला चोक, दुकानों में घुसा पानी
महेबा मंडी के व्यापारी राकेश गोयल ने बताया कि बारिश का पानी दुकान में घुस गया। इस वजह से एक लाख रुपये से भी ज्यादा का सामान खराब हो गया है। इस संबंध में मंडी सचिव को पत्र लिखा गया है। दरअसल, मंडी में बेकार हो चुके फलों और सब्जियों को फेंक दिया जाता है, जिसकी नियमित सफाई नहीं होती है और ये नाले में जाकर चोक कर देते हैं। शनिवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ है। नाले का पानी चोक होने की वजह से पानी दुकानों में घुस गया और नुकसान हो गया।
 
विज्ञापन

7 of 8
गोरखपुर में बारिश। - फोटो : अमर उजाला।
दक्षिणी बेतियाहाता के लोगों ने झेली मुसीबत
बारिश की वजह से दक्षिणी बेतियाहाता के लोगों को काफी मुसीबत झेलनी पड़ी। घरों में पानी भरने से लोग खासे परेशान रहे। कई लोगों के सामान भीग गए। पिछले दिनों वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने जलनिकासी दुरुस्त करने के लिए गंदे पानी में बैठकर धरना दिया था। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों ने सड़क को जल्द ऊंचा कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन इस पर काम नहीं हुआ। परिणाम यह रहा कि तेज बारिश होते ही इलाका फिर पानी से भर गया।

बेतियाहाता दक्षिणी, शिवपुरी न्यू कॉलोनी के कारुष प्रजापति ने बताया कि कॉलोनी में जलभराव के बावजूद प्रशासन और नगर निगम का जो रवैया है, वैसे में इच्छा होती है मकान बेचकर कहीं और शिफ्ट हो जाएं। रोड के दोनों ओर अतिक्रमण है, नगर निगम कोई सुनवाई नहीं करता है। इस वजह से भी जलभराव होता है। संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अगर नगर निगम बारिश के बाद जलभराव को दूर करने का पर्याप्त इंतजाम नहीं करता है तो धरना प्रदर्शन करना मजबूरी होगी।

 
विज्ञापन

8 of 8
गोरखपुर में बारिश। - फोटो : अमर उजाला।
काम न आए नगर निगम के इंतजाम
शहर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए लगाए गए 200 से ज्यादा पंप भी बेकार ही साबित हुए। लगातार पंपसेट चलने के बावजूद जलभराव में कोई कमी नहीं आई। इस दौरान नगर आयुक्त अविनाश सिंह शहर के विभिन्न इलाकों में हुए जलभराव पर नजर बनाए रहे और जलनिकासी के लिए किए गए इंतजाम के संबंध में निर्देश देते रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें