फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दवा बैंक को एबीसी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने दान में दीं दवाइयां, देखें दिनभर की हलचल

Mon, 03 Feb 2020 09:42 PM IST
विजय जैन डिजिटल न्यूज डेस्क, गोरखपुर
विज्ञापन
1 of 18
दवा बैंक को एबीसी स्कूल की ओर से दी गईं दवाएं। - फोटो : अमर उजाला
एबीसी पब्लिक स्कूल दिव्यनगर के विद्यार्थियों ने सोमवार को सबसे बड़ा दान किया। वे घर में बेकार पड़ीं और इस्तेमाल योग्य दवाइयां लेकर स्कूल आए, फिर चेयरमैन हेमंत मिश्रा और प्रधानाचार्य प्रज्ञा मिश्रा की मौजूदगी में इसे अमर उजाला फाउंडेशन दवा बैंक को दिया। अब स्वास्थ्य शिविर के जरिए दवाइयां जरूरतमंदों को निशुल्क मुहैया कराई जाएंगी। अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से लगातार निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जा रहा है।

किसी भी बीमारी के बाद लोग दवाइयां लेते हैं। जैसे ही ठीक होते हैं, वैसे ही दवाइयों का सेवन बंद कर देते हैं। ऐसी दवाइयां घर में पड़ी रहती हैं। एक्सपायरी डेट निकलते ही दवा बेकार हो जाती है। इसको देखते हुए ही अमर उजाला फाउंडेशन ने दवा बैंक बनाया। साथ ही अपील की कि जिन दवाइयों की एक्सपायरी डेट न निकली हो, उसे दान करें।

इसका संज्ञान लेकर ही एबीसी स्कूल प्रबंधन और वहां के विद्यार्थियों ने घर में पड़ी दवाइयों को दान करने की अनूठी पहल की। चेयरमैन हेमंत मिश्रा ने कहा कि जन और समाजसेवा की इस बड़ी मुहिम से शहर के हर नागरिक को जुड़ना चाहिए। यह पहला मौका है, जब गोरखपुर में निशुल्क दवा बैंक चलाने की मुहिम शुरू हुई है। इस मौके पर कुमार सौरव, गुलशन प्रजापति, आस्था रावत, आदित्य, जहीर अंसारी आदि छात्रों का योगदान सराहनीय रहा।

देखें आज के रियल टाइम अपडेट..
विज्ञापन

आप भी इस अनूठे अभियान में बन सकते हैं सहभागी

2 of 18
दवा बैंक को एबीसी स्कूल की ओर से दी गईं दवाएं। - फोटो : अमर उजाला
दवा बैंक चलाने में शहर के स्कूल और कॉलेज संचालकों का सहयोग लिया जाएगा। आपके घर में जो दवाइयां बची हैं, उसे अपने बच्चे के माध्यम से स्कूल भिजवा दें। स्कूलों से दवाइयां अमर उजाला फाउंडेशन के पास आ जाएंगी। जो बच्चे स्कूलों में दवा जमा कराएंगे, उन्हें अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ  से प्रोत्साहन सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

दवा बैंक की अनूठी मुहिम से शहर के चिकित्सक भी जोड़े जाएंगे। चिकित्सक सैंपल की दवाइयां दान कर सकते हैं। कई बार देखा जाता है कि सैंपल की दवाइयां खराब हो जाती हैं। दवाइयां खराब न हों और आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद को मदद मिल जाएं, इस मुहिम में चिकित्सकों का विशेष सहयोग अपेक्षित है।
विज्ञापन

शार्ट सर्किट से शोरूम में लगी आग, मची अफरातफरी

3 of 18
दुकान में लगी आग। - फोटो : अमर उजाला
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के खरैया पोखरा में स्थित शोरूम में सोमवार की सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। लोगों ने प्रोपराइटर और अग्निशमन दल को सूचना दी। शाहपुर पुलिस की पीआरवी 0321 भी मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तबतक शोरूम में सबकुछ जलकर राख हो गया था।

जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ क्षेत्र के शास्त्रीपुरम कॉलोनी निवासी शिवांशु द्विवेदी ने खरैया पोखरा स्थित एक मकान में मी एन मॉम्स नाम से शोरूम खोला है। शोरूम में बच्चों के खिलौने के साथ उनके कपड़े एवं अन्य सामान बिकते हैं। रविवार की रात वह शोरूम बंद कर चले गए। सोमवार को तड़के सुबह शोरूम से धुआं उठता देख मकान मालिक ने सुधांशु को आग लगने की जानकारी दी। वह जब तक दुकान पर पहुंचते, आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।

उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर फोनकर आग लगने की सूचना अग्निशमन दल को दी। शोरूम के निचले तल पर सेंट्रल बैंक होने के चलते पुलिस भी सक्रिय हो गई। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में जुट गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

जेसीआई गोरखपुर मिडटाउन ने मनाया अखंडता दिवस

4 of 18
बच्चों को अखंडता दिवस का शपथ दिलाते जेसीआई के पदाधिकारी और विद्यालय के शिक्षक। - फोटो : अमर उजाला
जेसीआई गोरखपुर मिडटाउन की तरफ से विश्व इंटीग्रिटी डे (अखंडता दिवस) के अवसर के मौके पर आर्य नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अध्यक्ष पीयूष जैन ने बच्चों को अखंड भारत के प्रति नैतिकता, सच्चाई एवं ईमानदारी के बारे में बताया।

रेटविंग सचिव वसुंधरा दुबे ने स्कूल के बच्चों को इंटीग्रिटी डे की शपथ दिलाई। संस्था की तरफ से कला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। सचिव नवीन पाडलीवाल ने स्कूल के अध्यापिकाओं, छात्रों, व संस्था के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान शशांक तुलस्यान, आयुष गर्ग, गौरव जालान, शिखर जैन, नितिन जैन ,आलोक अवस्थी, शरद बंका, मिताली जालान, अनुराधा जैन, पूजा गोयल, सीमा सोंथालिया समेत अन्य लोग मौजूद रही।
विज्ञापन

5 of 18
क्रिकेट मैच खेलते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे जिला क्रिकेट लीग प्रतियोगिता में एपी क्रिकेट एकेडमी नौसड़ और राम सपोर्ट क्रिकेट टीम के बीच खेला गया क्रिकेट मैच।
विज्ञापन

राष्ट्रीय लोक अदालत आठ को

6 of 18
प्रचार वाहन को झंडी दिखाकर रवाना करते जनपद न्यायाधीश गोविंद बल्लभ शर्मा व अन्य। - फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आठ फरवरी को होगा। इलाहाबाद बैंक की ओर से इसके लिए जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। सोमवार को इसके प्रचार-प्रसार और बैंक के बकाएदारों को जागरूक करने के मकसद से मोबाइल वैन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। 

मौके पर गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि बकाएदार भविष्य में किसी भी प्रकार की कानूनी प्रक्रिया के बाद होने के वाले कानूनी दंड, जुर्माना व रिकवरी खर्च आदि से बचने के लिए मामलों का आपसी सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण करा सकें गे। इसके लिए आठ फरवरी को सुबह 10:30 बजे प्री-लिटिगेशन, लोक अदालत दीवानी न्यायालय, गोरखपुर परिसर में उपस्थित हो सकते हैं। इसमें दोनों पक्षकारों के बीच आपसी सहमति के आधार पर मामले का निस्तारण कराया जा सके।

इलाहाबाद बैंक के मंडल प्रमुख अजीत कुमार झा ने सभी बकाएदारों से इसका लाभ उठाने की अपील की है। इस मौके पर अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी मनोज राय, सिविल जज विधिक सेवा प्राधिकरण राहुल कुमार सिंह अन्य वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

7 of 18
व्याख्यान में मंचासीन ब्रिगेडियर जेएस राजपुरोहित मुख्य अतिथि सुशील श्रीवास्तव व अन्य। - फोटो : अमर उजाला
दिग्विजय नाथ पीजी कॉलेज के सभागार में आयोजित व्याख्यान में मंचासीन ब्रिगेडियर जेएस राजपुरोहित, मुख्य अतिथि सुशील श्रीवास्तव,  प्राचार्य ठाकुर शैलेंद्र प्रताप सिंह, डॉ शशि प्रभा सिंह वाने व अन्य।

8 of 18
एसएसपी कार्यालय पर ज्ञापन देने पहुंचे पूर्वांचल अंडा उत्पादन कृषक कल्याण समिति के लोग। - फोटो : अमर उजाला
अपनी मांगों को लेकर एसएसपी कार्यालय पर ज्ञापन देने पहुंचे पूर्वांचल अंडा उत्पादन कृषक कल्याण समिति के लोग।

रिटायर्ड एनएसजी और नेवी सील कमांडो हटाएंगे अतिक्रमण

9 of 18
नगर निगम सभागार में प्रवर्तन दल मैं भर्ती के लिए इंटरव्यू। - फोटो : अमर उजाला
नगर निगम के इंफोर्समेंट टीम में शामिल होने के लिए हुए इंटरव्यू में हुए शामिल

रिटायर्ड एनएसजी कमांडो और नेवी सील कमांडो शहर का अतिक्रमण हटाने के साथ निगम के अन्य अभियान में भागीदारी निभाएंगे। नगर निगम के इंफोर्समेंट टीम में शामिल होने के लिए हुए इंटरव्यू में कई रिटायर्ड एनएसजी और नेवी सील कमांडो भी शामिल हुए। इंफोर्समेंट टीम के लिए चार जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) के अलावा आठ जवानों का चयन होना है। सोमवार को इनके चयन इंटरव्यू के आधार पर किया गया। उत्तरप्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम की सेवानिवृत्त 243 जेसीओ और जवानों की लिस्ट उपलब्ध कराई गई थी।

सोमवार को नगर निगम मेें इनके चयन के लिए इंटरव्यू के लिए आयोजन किया गया। जिसमें उत्तरप्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम की ओर उपलब्ध कराई सूची में शामिल 97 जेसीओ और 145 जवानों का नगर निगम के इंफोर्समेंट टीम में शामिल करने के लिए इंटरव्यू किया गया। सहायक नगर आयुक्त संजय शुक्ला ने बताया कि इंटरव्यू के आधार पर चुने गए अभ्यर्थियों का नाम शनिवार से पहले नगर निगम की वेबसाइट www.nagarnigamgkp.org पर अपलोड कर दिया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को इस वेबसाइट के संबंध में जानकारी उपलब्ध करा दी गई है।

10 of 18
रेलवे बस स्टेशन पर धरना देते चालक परिचालक सघर्ष समिति के लोग। - फोटो : अमर उजाला
रेलवे बस स्टेशन पर धरना देते चालक परिचालक सघर्ष समिति के लोग।

घर के साथ नगर को भी स्वच्छ रखें: प्रो. केशव

11 of 18
सफाई करते मारवाड़ बिजनेस स्कूल के राष्ट्रीय सेवायोजन के स्वयंसेवक। - फोटो : अमर उजाला
विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजन विभाग के समन्वयक प्रो. केशव प्रसाद ने कहा कि स्वच्छता में परमात्मा का वास होता है। इसलिए स्वच्छ रहें, स्वच्छ रखें तथा घर नगर व देश को स्वच्छ बनाने में अपना पूरा सहयोग दें।

प्रो. सिंह मारवाड़ बिजनेस स्कूल के राष्ट्रीय सेवा योजन द्वारा वार्ड न.40 दीवान बाजार में स्वयंसेवकों द्वारा शुरू किए गए सफाई अभियान के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता से अनेक प्रकार की बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है। इस अवसर पर बृजमोहन यादव, यशपाल सिंह, दिलीप शर्मा, किशन गुप्ता, प्रभात त्रिपाठी, राहुल, दीपांशु, उमेश्वर, निशु, वैष्णवी, स्वेता, मोनिका, साबिया, रागिनी, रतन प्रिया, अनुकृति, काब्या, शिखा सहित अन्य कई लोग थे।

शतरंज में अंशदीप और कंचनलता अव्वल

12 of 18
गोरखपुर विश्वविद्यालय के सेंट्रल जोन डेलीकेसी में चल रहे शतरंज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर विश्वविद्यालय के सेंट्रल जोन डेलीगेसी की ओर से आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन शतरंज प्रतियोगिता का समापन हुआ। बालक वर्ग में अंशदीप गुप्ता ने पहला स्थान हासिल किया। सोनू मौर्य ने दूसरे और प्रभाकर चौधरी तीसरा स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में कंचनलता प्रथम, अंजली श्रीवास्तव द्वितीय और पूजा श्रीवास्तव तृतीय स्थान पर रहीं।

निर्णायक की भूमिका अमित कुमार यादव, शशि प्रकाश, जगतविंदर, अमितेश आनंद ने निभाई। डेलीगेसी के उपाध्यक्ष डॉ. सुधाकर लाल श्रीवास्तव ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।

13 of 18
वी पार्क में बसंत उत्सव में उपस्थित क्लब की सदस्य। - फोटो : अमर उजाला
मोहद्दीपुर स्थित वी पार्क में इनरव्हील क्लब आफ गोरखपुर होराइजन द्वारा आयोजित बसंत उत्सव में उपस्थित क्लब की सदस्य।

14 of 18
धरना प्रदर्शन करते छात्र-छात्राएं। - फोटो : अमर उजाला
बड़हलगंज के राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कालेज खड़ेसरी में छात्राओं के साथ गांव के कुछ मनचले युवकों द्वारा आय दिन शाम ढलने के बाद कैंपस में बदसलूकी से परेशान छात्रों ने पढ़ाई का बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए हैं।

15 of 18
छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। - फोटो : अमर उजाला
चंद्रकांति रामावती देवी आर्य महिला पीजी कॉलेज में चल रहे राष्ट्रीय सेवायोजन के विशेष शिविर के समापन पर प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।

धूमधाम से मनी लैंप लाइटिंग सेरेमनी

16 of 18
पैसिफिक कॉलेज ऑफ नर्सिंग में आयोजित हुआ लैंप लाइटिंग कार्यक्रम। - फोटो : अमर उजाला
पैसिफिक कॉलेज ऑफ नर्सिंग में जीएनएम एवं एएनएम प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने लैंप लाइटिंग सेरेमनी धूमधाम से मनाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने मरीजों की सेवा अच्छे से करने की शपथ ली। मुख्य अतिथि बीआरडी मेडिकल कॉलेज की सीनियर नर्स भावना सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि एक नर्स के रूप में उनके क्या कर्तव्य होंग, इस बात का समझना उनके लिए बहुत जरूरी है। कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रतिक्षा सिंह ने बताया कि कॉलेज के 34 विद्यार्थियों का चयन नई दिल्ली के अपोलो हेल्थकेयर में हुआ है। साथ ही कॉलेज के 28 विद्यार्थी कैंपियरगंज सीएचसी पर ट्रेनिंग ले रहे हैं। कार्यक्रम का समापन कॉलेज के डिप्टी डायरेक्टर सैय्यद फरहान उल्लाह के आभार ज्ञापन से हुआ।

एयरपोर्ट पर सपा एमएलसी उदयवीर सिंह का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

17 of 18
एयरपोर्ट पर सपा एमएलसी उदयवीर सिंह का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत। - फोटो : अमर उजाला
सपा के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) उदयवीर सिंह ने केंद्र सरकार के बजट को बहुत ही निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं से निजात के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया।  

गोरखपुर आगमन के दौरान एमएलसी ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि बजट में गिरती अर्थव्यवस्था को संभालने, रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में कोई सोच नहीं दिखती। जब से भाजपा सरकार आई है, किसानों की आय दोगुनी करने की रट लगाए है, लेकिन किया कुछ भी नहीं। भाजपा नेतृत्व को न तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था का पता है और न ही वह गांव-खेती की समस्याओं से अवगत है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था रोज बिगड़ती जा रही है और मुख्यमंत्री दिल्ली के चुनाव-प्रचार में जुटे हैं। इससे पहले कार्यकर्ताओं नेे एयरपोर्ट पर उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान जियाउल इस्लाम, डॉक्टर मोहसिन खान, अवधेश यादव, विजय बहादुर यादव, पंकज शाही, राघवेंद्र तिवारी राजू, जितेंद्र यादव, रोहित शुक्ल, जितेंद्र सिंह, राहुल यादव, शकील शाही आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

भारतीय सिंधु सभा व युवा सिंधी समाज की ओर से आयोजित हुआ कार्यक्रम

18 of 18
भारतीय सिंधु सभा व युवा सिंधी समाज की ओर से मनाया गया सगड़ा पर्व। - फोटो : अमर उजाला
भारतीय सिंधु सभा और युवा सिंधी समाज की ओर से सूरजकुंड स्थित सिंधु भवन के समीप सगड़ा पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान लोगों ने भगवान शिव का विधि विधान से पूजन अर्चन किया। इसके बाद परंपरागत व्यंजनों का आनंद उठाया।

भारतीय सिंधु सभा के अध्यक्ष राजेश नेभानी ने बताया कि 15 जनवरी से 15 फरवरी एवं 15 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच पड़ने वाले प्रत्येक सोमवार को सिंधी समाज के लोग सगड़ा पर्व मनाते हैं। उन्होंने बताया कि सगड़ा पर्व पर च्वार का चूरमा, सरसों का साग प्रसाद के रूप में परोसा जाता है। साथ में च्वार की मोटी रोटी, मट्ठा, आलू और विभिन्न प्रकार के अचार व सलाद भी परोसे जाते हैं।

कार्यक्रम में रेनू सचदेवा, अंजू मंझानी, पूजा लखमानी, वंदना आहुजा, अलका सचदेवा, आरती केशवानी, कंचन मृगवानी, अनीता, हर्षा, पायल, सुनीता आदि की सहभागिता रही।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें