बस्ती और गोरखपुर मंडल की 41 में से 34 सीटें भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने जीती हैं। एक सीट कांग्रेस और बाकी की छह सीटें सपा की झोली में गईं हैं। सपा ने बस्ती जिले की पांच में से चार सीटें जीती हैं। वहीं, योगी सरकार में बेसिक शिक्षामंत्री और सिद्धार्थनगर की इटवा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ सतीश चंद्र द्विवेदी चुनाव हार गए हैं। इस सीट से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व सपा प्रत्याशी माता प्रसाद पांडेय चुनाव जीते हैं।
चुनाव आयोग ने जो नतीजे घोषित किए हैं, उसके मुताबिक गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर में भाजपा ने क्लीन स्वीप किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर विधानसभा क्षेत्र से 1,03,390 मतों के अंतर से चुनाव जीता है। सपा की सुभावती शुक्ला दूसरे नंबर पर रही हैं। यह सीट 1989 से भाजपा के पास है।