गोरखपुर-बस्ती मंडल के सातों जिले जल्द ही कोरोना से मुक्त हो सकते हैं। इन जिलों में 27 जून को 14 और 29 जून को केवल 10 नए कोरोना मरीज मिले हैं। राहत की बात यह है कि एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। 28 जून को तीन जिलों में एक भी नया मरीज नहीं मिला था। विभाग ने उम्मीद जताई है कि अगर ट्रेस, टेस्ट और ट्रीटमेंट ऐसे ही चलता रहा और लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते रहे तो जल्द ही यह आंकड़े शून्य पर आ जाएंगे।
कोरोना की दूसरी लहर अप्रैल व मई में संक्रमण की रफ्तार काफी तेज थी। संक्रमण पर काबू पाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट के अभियान को शुरू किया गया। इस बीच मई माह में सीएम ने गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती व सिद्धार्थनगर का दौरा किया। इसका असर यह हुआ कि जांच में तेजी आई। पिछले 10 दिनों में गोरखपुर-बस्ती मंडल के सभी सातों जिलों गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर में संक्रमण के नए मामले कम हुए हैं।