उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो दिन से होम आइसोलेशन में रह रही 55 वर्षीय संक्रमित महिला को इलाज न मिलने से रविवार को उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना देने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम घर नहीं गई। मदद मांगने पर मोहल्ले वालों ने दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लिए। रोते-बिलखते हुए बेटे ने मां के शव को अकेले कफन में लपेटा और ठेले पर लादकर श्मशान घाट पहुंच गया। वहां अकेले ही उसने मां का अंतिम संस्कार किया।
विज्ञापन
2 of 5
कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : iStock
जानकारी के मुताबिक, बीते आठ अप्रैल को गोला कस्बे से 55 यात्री बस बुक कर कुंभ स्नान के लिए हरिद्वार गए थे। सभी लोग 16 अप्रैल को वापस लौटे। कुछ यात्रियों की तबीयत खराब होने पर तहसील प्रशासन ने सबकी कोविड जांच कराई तो नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें गोला कस्बे के वार्ड संख्या-5 की 55 वर्षीय महिला भी संक्रमित मिलीं। डॉक्टरों ने संक्रमित महिला को 14 दिन क्वारंटीन रहने की सलाह दी थी। वह बीते शुक्रवार की शाम से ही होम आइसोलेशन में रह रही थीं। लेकिन इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला की न ही जांच की और न ही कोई दवा दी।
विज्ञापन
3 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
परिजनों के अनुसार रविवार की सुबह अचानक महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। जब तक इलाज के लिए कहीं ले जाते, तब तक उसने दम तोड़ दिया। जिसके बाद महिला की मौत की सूचना पाकर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां नहीं पहुंची। कोरोना केस होने के कारण मोहल्ले के लोगों ने भी मुंह मोड़ लिया।
4 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला।
कहीं से कोई उम्मीद न देख मृतका के बेटे ने ही मास्क व ग्लव्स लगाकर मां को कफन में लपेटा और अकेले ही ठेले पर लादकर गोला स्थित मुक्तिधाम पर पहुंचा। वहां उसने अकेले ही चिता सजाई और मुखाग्नि देकर मां का अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार के दौरान भी कोविड प्रोटोकाल के तहत जिम्मेदार विभाग का कोई अधिकारी-कर्मचारी नहीं पहुंचा।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. योगेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि होम आइसोलेशन में रहे लोगों को दवा देने का निर्देश दिया गया था। मामले में लापरवाही बरतने वाली टीम को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। इस मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
गोला एसडीएम राजेंद्र बहादुर ने बताया कि होम आइसोलेशन में रहे लोगों को घर पर ही दवा-इलाज मिलना चाहिए। यह स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। गोला में महिला की मौत का मामला गंभीर है। इस मामले की जांच कराएंगे। जांच कराकर दोषी के खिलाफ करवाई कराएंगे।