अब गोरखपुर से संगमनगरी यानी प्रयागराज का सफर और आसान हो गया। गोरखपुर-आंबेडकरनगर जिले के मध्य स्थित घाघरा नदी पर बने कम्हरिया घाट पुल से यह संभव हुआ। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पुल का लोकार्पण किया। इस पुल के बन जाने से प्रयागराज की दूरी करीब 80 किलोमीटर कम हो जाएगी। आंबेडकरनगर, आजमगढ़, जौनपुर, अयोध्या, संतकबीरनगर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ आदि जिलों के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी का विकल्प मिलेगा। सीएम योगी ने कहा कि घाघरा नदी के कम्हरिया घाट पुल का आज लोकार्पण हो रहा है। यह आशाओं और आकांक्षाओं का सेतु है। यह पूर्वांचल में आर्थिक, सामाजिक व सांस्कृतिक समृद्धि का माध्यम बनेगा।