मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में दौरे के तीसरे दिन रविवार की सुबह नित्य दिनचर्या के बाद गोरखनाथ मंदिर में जनता दरबार लगाया। इस दौरान सीएम ने सैकड़ों लोगों की फरियाद सुनी। लोगों को भरोसा दिया कि उनकी समस्या का समाधान होगा। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। जनता दरबार में गोरखपुर सहित अन्य जिलों से सैकड़ों फरियादी आए थे। सीएम योगी एक-एक कर फरियादियों के पास गए। सबकी समस्या सुनने के साथ प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं हर बार की तरह इस बार भी पुलिस की शिकायत लेकर फरियादी जनता दरबार पहुंचे। इससे सीएम योगी नाराज हो गए। मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि गोरखपुर मंडल के शिकायती पत्रों का निस्तारण वह जल्द करें। रविवार सुबह आवास से निकलने के बाद सबसे पहले सीएम योगी ने बाबा गोरखनाथ के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान के साथ बाबा की पूजा-अर्चना की।
बता दें कि शनिवार की रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था की समीक्षा की थी। उन्होंने साफ कहा था कि लापरवाही बरतने वाले थानेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। सभी एसपी व डीएसपी थानों का निरीक्षण करें और मामलों की समीक्षा करके समस्या का समाधान कराएं। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।