शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) के लोकार्पण के दूसरे दिन मंगलवार को करीब 10 हजार लोगों ने सैर की। टिकट खरीदने के लिए सुबह से शाम चार बजे तक लंबी कतार लगी। फिर भी करीब दो हजार लोग टिकट नहीं खरीद सके। इन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। इस बीच टिकट खरीदने के लिए आपाधापी और धक्कामुक्की के बीच हंगामा भी हुआ। चिड़ियाघर प्रशासन ने मुख्य द्वार बंद करा दिया, फिर भी लोग डटे रहे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बुलानी पड़ी। डायल-112 की गाड़ियां आईं, फिर जाकर भीड़ नियंत्रित की जा सकी।