अभिनेत्री श्वेता तिवारी और उनके पूर्व पति अभिनव कोहली के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। दरअसल, श्वेता तिवारी इन दिनों खतरों के खिलाड़ी की शूटिंग के लिए केपटाउन में हैं। वहीं दूसरी तरफ उनके पति अभिनव कोहली अपने बेटे रेयांश से मिलने के लिए बेताब हो रहे हैं और हर तरह के पैंतरे अपना रहे हैं। हालांकि अभी तक वह नाकाम ही रहे हैं लेकिन सोशल मीडिया पर श्वेता से टक्कर लेने का एक मौका नहीं छोड़ते हैं। श्वेता के बाहर जाते ही अभिनव ने बेटे को अपने पास रखने की सारी कोशिशें कीं, यहां तक कि मामला महिला आयोग और कोर्ट तक भी पहुंच गया, बावजूद इसके अभिनव के हाथ कुछ नहीं लगा। आज फादर्स डे के मौके पर अपने बेटे को मिस कर रहे अभिनव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है और मर्दों के हक की बात कही है।
अभिनव कोहली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वो स्पष्ट तौर पर अपने हक की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। अभिनव ने बातों बातों में कहा कि पुरुषों के बचाव के लिए भी एक कानून बनना चाहिए जो उन्हें बच्चों को बाप से दूर रखने में और झूठे आरोपों से बचाए।