फिल्म और टेलीविजन जगत एक ऐसी जगह है, जहां कई रिश्ते बनते हैं तो कई रिश्ते सालों-साल बाद भी टूट जाते हैं। यहां पर किसी की एक मुलाकात जन्मों का बंधन बन जाती है, तो कोई जोड़ी शादी के 10 साल के बाद भी अपना सही हमसफर नहीं ढूंढ पाती, नतीजा ये होता है कि वो तलाक लेकर एक-दूसरे से अलग हो जाते हैं। सोशल मीडिया पर इन जोड़ियों को देखने के बाद ये पता लगाना वाकई में मुश्किल काम है कि निजी जिंदगी में इनके रिश्तों में कितनी खटास है। श्वेता तिवारी, जेनिफर विंगेट, जूही परमार जैसी कईं टेलीविजन की अभिनेत्रियां और कई अभिनेता इस लिस्ट में शामिल हैं। पिछले कुछ समय से करण मेहरा और निशा रावल का रिश्ता भी तलाक तक पहुंच चुका है। इस लिस्ट में अब एक और टीवी अभिनेता पंकित ठक्कर का नाम जुड़ गया है।
पंकित ठक्कर पत्नी प्राची से लेंगे तलाक
सीरियल आपकी नजरों ने समझा से घर-घर में लोकप्रिय हुए अभिनेता पंकित ठक्कर जल्द ही अपनी पत्नी प्राची से तलाक लेने वाले हैं। साल 2015 से अपनी पत्नी से अलग रह रहे पंकित ने एक मीडिया बातचीत में बताया कि वो इस महामारी के खत्म होते ही अपनी पत्नी प्राची से कोर्ट में तलाक की अर्जी डाल देंगे। दोनों पति-पत्नी आपसी सहमति से तलाक ले रहे हैं। पंकित ठक्कर ने एक मीडिया बातचीत के दौरान प्राची के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बातचीत की और साथ ही ये भी बताया कि वो दोनों साल 2015 में ही एक-दूसरे से अलग हो चुके हैं, हालांकि अब तक इनका तलाक नहीं हुआ है।