कौन बनेगा करोड़पति का 13वां सीजन शुरू होते ही दर्शकों का लगातार मनोरंजन कर रहा है। इस शो में आने वाले आम कंटेस्टेंट की कहानी दर्शकों को प्रभावित करती है तो वहीं सेलेब्स के आने से शो में ढेर सारी मस्ती होती है। हर शुक्रवार को शो में एक खास एपिसोड प्रसारित होता है, जहां कोई खास मेहमान शो का हिस्सा बनता है। इसी क्रम में इस हफ्ते अमिताभ बच्चन के शो केबीसी- 13 की हॉट सीट पर बैठकर सवालों के जवाब देते नजर आएंगे अभिनेता पंकज त्रिपाठी और एक्टर प्रतीक गांधी।
शो के दौरान अभिनेता ना सिर्फ सवालों के जवाब देंगे बल्कि अपनी कई पुरानी यादों को भी ताजा करते हुए नजर आएंगे। केबीसी के मंच पर पहुंचे दोनों अभिनेता बिग बी संग मस्ती करते आ रहे हैं। इतना ही नहीं एक्टर पंकज त्रिपाठी और अभिनेता प्रतीक गांधी इस दौरान सेट पर बिग बी को मजेदार किस्से सुनाते दिखाई दिए ।