अमिताभ बच्चन का पॉपुलर शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ सालों से फैंस के दिलों में अपनी खास जगह बनाए हुए हैं। इस शो में बिग बी कंटेस्टेंट्स के साथ मजेदार खेल खेलते हैं और साथ ही उनके साथ खूब सारी मस्ती भी करते हैं। इन दिनों ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में चाइल्ड स्पेशल चल रहा है, जिसमें बच्चे अमिताभ बच्चन के सवालों का सामना कर रहे हैं। लेकिन खेल के दौरान अक्सर बच्चे बिग बी से मजेदार सवाल करते नजर आ रहे हैं, जिससे अमिताभ बच्चन की बोलती बंद हो रही है।
कुछ ऐसा ही 9 साल के अरुणोदय शर्मा ने किया। हिमाचल प्रदेश के अरुणोदय बिग बी के साथ केबीसी का खेल खेलते हुए दिखाई देंगे। इस दौरान अरुणोदय की बातें सुनकर खुद अमिताभ बच्चन गेम खेलने से मना कर देते हैं। दरअसल, शो का एक प्रोमो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अरुणोदय शर्मा बिग बी की नकल उतारते हुए दिखाई दे रहे हैं और उनका अंदाज देखकर खुद अमिताभ बच्चन भी हैरान रह गए।