गौरव खन्ना टीवी के लोकप्रिय अभिनेता हैं। वो कानपुर से ताल्लुख रखते हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2006 में 'भाभी' सीरियल से की थी। वो 'चंद्रगुप्त मौर्य', 'कयामत', 'सिंदूर तेरे नाम का', 'भाभी', 'जीवन साथी' और 'उतरन' जैसे कई लोकप्रिय टीवी शोज में नजर आ चुके हैं। उन्होंने 'स्वरागिनी' में परिणीता का रोल निभा रहीं आकांशा चमोला से शादी की है। अभिनेता ने अपने एक इंटरव्यू में कहा है कि हिंदी और उर्दू पर पकड़ ने ही उन्हें इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाने में मदद की है।
उन्होंने कहा, मैंने अब तक लीड रोल के साथ 17-18 प्रोजेक्ट किए हैं। हिंदी पर कमांड के कारण ही ये लीड रोल मुझे मिले हैं। उर्दू ने मेरी बहुत मदद की है। गौरव ने कहा, लेखक हमें बोलने के लिए पंक्तियां देते हैं, लेकिन अभिनेता के रूप में हमें उन पंक्तियों को खुद की पंक्तियाँ बनानी पड़ती हैं। आपकी जब किसी भाषा पर पकड़ मजबूत होती है, तो जादू चलता है। आप जब कम और अच्छे शब्दों में भावनाएं व्यक्त करते हैं, तो उसकी बात ही कुछ और होती है।