सामंथा रुथ प्रभु साल 2022 में मायोसिटिस नामक बीमारी से जूझने के बाद अपनी चिकित्सा स्थिति को लेकर काफी ज्यादा मुखर रही हैं। अभिनेत्री को अक्सर अपनी स्वास्थ्य और चिकित्सा से जुड़ी जानकारियां प्रशंसकों के साथ साझा करते देखा जाता है। ऐसा ही कुछ अभिनेत्री ने बीते दिन भी किया। सामंथा ने एक तस्वीर साझा कर बताया कि वायरल इंफेक्शन के लिए डॉक्टर ने उन्हें हाइड्रोजन पेरोक्साइड नेबुलाइजेशन इस्तेमाल करने की सलाह दी। हालांकि, इसे देखने के बाद डॉ. सिरिएक एबी फिलिप्स उर्फ 'द लिवर डॉक' ने तथ्यों के आधार पर अभिनेत्री को घेर लिया। पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और अभिनेत्री की आलोचना शुरू हो गई। सामंथा ने सफाई भी दी बावजूद इसके बात नहीं बनी। हालांकि, अभिनेत्री को खरी खोटी सुनाने के बाद द लिवर डॉक वापस से सामने आए हैं, और सामंथा रुथ प्रभु से माफी मांगते देखे गए हैं।