किसी कलाकार की असली सफलता वो होती है, जब लोग उसे उसके किरदारों के नाम से पहचाने और उसके किरदार के दीवाने हों। ऐसा ही एक कलाकार हॉलीवुड की दुनिया में भी है, जिसे पूरी दुनिया उसके असली नाम से कम और किरदार के नाम से ज्यादा जानती है। ये किरदार है आयरन मैन और कलाकार है रॉबर्ट डाउनी जूनियर। शायद ही ऐसा कोई शख्स हो जो फिल्मों का शौकीन हो और उसे आयरन मैन के किरदार के बारे में न पता हो। बच्चों के खिलौनों से लेकर टी-शर्ट तक आपको आयरन मैन लिखी हुई मिल जाएंगी। आज उसी आयरन मैन का जन्मदिन है। या यूं कहें कि आयरन मैन का किरदार निभाने वाले हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रॉबर्ट डाउनी जूनियर आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं।
4 अप्रैल 1965 को न्यूयॉर्क में जन्मे रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने अपना करियर 5 साल की उम्र में एक बाल कलाकार के रूप में शुरू किया था। अपने 5 दशक से भी लंबे एक्टिंग करियर में रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने कई फिल्मों में काम किया और कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। डाउनी ने अपने करियर में डाउनफाल और ड्रग्स के मामले में फंसने से लेकर अपार प्रसिद्धि और ऑस्कर जीतने की सफलता तक का स्वाद चखा है। रॉबर्ट डाउनी को असली सफलता 2008 में आई आयरन मैन से मिली। इस फिल्म के बाद रॉबर्ट सिर्फ हॉलीवुड ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में मशहूर हो गए। हर घर में बच्चा-बच्चा उनके आयरन मैन के किरदार का फैन हो गया। आज 60वें जन्मदिन के मौके पर जानते हैं रॉबर्ट डाउनी जूनियर की पांच यादगार फिल्मों के बारे में, जिन्होंने रॉबर्ट डाउनी को न सिर्फ सफलता दिलाई बल्कि उनकी गिनती हॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों में भी शामिल कराई।