राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा, रजनीकांत, राजकुमार, धर्मेंद्र, मिथुन चक्रवर्ती, सलमान खान, शाहरुख खान और सनी देओल जैसे दिग्गज सितारों के साथ फिल्में बना चुके दिग्गज निर्माता-निर्देशक के सी बोकाडिया ने अपने फिल्मी सफर के बीते 50 साल में ऐसी बेबसी नहीं झेली, जैसी केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सेंसर बोर्ड) के एक आदेश के चलते उन्हें अब भुगतनी पड़ रही है। दो दिन पहले मुंबई आए केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने उनके बनाए नए धारावाहिक ‘सरदार द गेम चेंजर’ की जमकर तारीफ की और इसे सप्ताह में एक दिन की बजाय दो दिन प्रसारित करने का भी सुझाव दिया। लेकिन, इसी मंत्रालय के अधीन आने वाले सेंसर बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने बोकाडिया को उनकी नई फिल्म को लेकर जो नोटिस भेजा है, उससे फिल्म जगत भी हैरान है।