बीती सदी के महानायक रहे अमिताभ बच्चन अपनी पत्नी जया बच्चन से उम्र में पांच साल बड़े हैं। करियर में दो साल सीनियर हैं। लेकिन, स्टार बनने के मामले में वह जया से जूनियर ही रहे। अमिताभ बच्चन जब अपने प्रिय निर्देशक ऋषिकेष मुखर्जी की फिल्म ‘आनंद’ में बाबू मोशाय का रोल पाकर मन ही मन खुश हो रहे थे कि अब शायद उनका नाम चमक जाएगा, गीतकार गुलजार के साथ ऋषिकेश मुखर्जी एक दिन बंबई (अब मुंबई) से कार लेकर निकले और जा पहुंचे जया भादुड़ी से मिलने, जो उन दिनों पुणे फिल्म इंस्टीट्यूट में एक्टिंग की पढ़ाई कर रही थीं। जया को फिल्म इंस्टीट्यूट के मुखिया का बुलावा पहुंचा। वह दफ्तर में आईं तो वहां ऋषिकेश मुखर्जी और गुलजार को पाया। ये दोनों वहां पहुंचे थे महान निर्देशक सत्यजीत रे की फिल्म ‘महानगर’ देखकर। अपनी अगली फिल्म के लिए इन्हें ऐसी ही किसी मासूम लड़की की तलाश थी जो ‘बोले रे पपीहरा..’ गाए तो परदे पर एक कामुक युवती लगे और ‘हमको मन की शक्ति देना...’ गाए तो बिल्कुल स्कूल की बच्ची भी लगे। इसी रोल के लिए डिंपल कपाड़िया का फोटो भी ऋषिकेष मुखर्जी तक पहुंचा, लेकिन ऋषिकेश को जो गुड्डी चाहिए थी, वह उन्हें जया भादुड़ी में ही मिली। ‘गुड्डी’ हिंदी सिनेमा में जया की पहली फिल्म है और हमारे आज के बाइस्कोप की फिल्म भी।