वो 7 दिन
- फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
भाग्यराज की तमिल फिल्म का रीमेक
फिल्म ‘वो 7 दिन’ के बनने की कहानी पर ही एक फिल्म अलग से बन सकती है। अनिल कपूर किस्मत के धनी इंसान हैं। उनकी बेटियां उनके घर लक्ष्मी बनकर आईं। और उनकी मेहनत ने हमेशा ऋद्धि और सिद्धि का साथ बनाए रखा। आप सोच कर देखिए कि फिल्म के राइट्स खरीदने गए तो पैसे कम पड़ गए। राइट्स मिले तो हीरो बिदक गया। दूसरा हीरो आया तो हीरोइन ने काम करने से मना कर दिया। ये सब सेटिंग हुई तो फाइनेंसर नखरे दिखाने लगे। लेकिन, बोनी कपूर ऐसे ही हिंदी सिनेमा के दिग्गज निर्माता नहीं बने। छोटे भाइयों अनिल कपूर और संजय कपूर का साथ पाकर उन्होंने बड़े बड़े तीर हिंदी सिनेमा में मारे हैं और जो पहला तीर उनका बिल्कुल सही निशाने पर लगा, वह है फिल्म ‘वो 7 दिन’। अनिल कपूर की ये फिल्म भी तमिल के मशहूर लेखक, निर्देशक के भाग्यराज की फिल्म पर बनी है। इस फिल्म का तेलुगू रीमेक बोनी कपूर के पसंदीदा निर्देशक बापू पहले ही बना चुके थे। और, जब इसके हिंदी रीमेक राइट्स बोनी के पास आए तो उनकी पहली पसंद थे बापू जिनके साथ वह ‘हम पांच’ बना चुके थे।