अंदाज अपना अपना
- फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
क्राइम मास्टर गोगो का अलबेला अंदाज
फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ की गिनती भारतीय सिनेमा की चोटी की फिल्मों में होती है। फिल्म की मेकिंग और इसका हर विभाग अपने आप में चाक चौबंद नजर आया। फिल्म में अभिनय के मामले में इसके लीड कलाकारों के अलावा इसके सहयोगी कलाकार ने भी कमाल का काम किया। अपने पिता की नकल उतारते दिखे अभिनेता शहजाद ने खूब तालियां बटोरीं। विजू खोटे ने भी हर सीन में जान डालने में पूरी मेहनत की। शक्ति कपूर ने क्राइम मास्टर गोगो का नाम अमर कर दिया। उनका ये अभिनय हिंदी सिनेमा के टॉप 10 खलनायकों वाले अभिनय में शुमार होता है। फिल्म में ये किरदार तुतला कर बोलता है और इसीलिए फिल्म की कास्टिंग में भी संतोषी ने शक्ति कपूर का नाम बदलक थक्ति कपूर कर दिया! और, परेश रावल का तो खैर कहना ही क्या, ‘तेजा मैं हूं, मार्क इधर है..!’ वाला सीन तो इतना मशहूर रहा है कि अभी मुंबई पुलिस ने यही दृश्य अपनी मीम में भी इस्तेमाल किया और लिखा, ‘तेजा मैं हूं, मास्क इधर है!’ किसी फिल्म के संवादों का यूं रिलीज के 26 साल बाद भी लोकाचार में शामिल रहना ही उसकी कामयाबी का असल उदाहरण है। फिल्म के लिए मजरूह सुल्तानपुरी ने शानदार गीत लिखे और इनका संगीत तैयार किया तुषार भाटिया ने। फिल्म की तरह ही इसके संगीत का भी इसकी म्यूजिक कंपनी ने कभी कोई खास प्रचार प्रसार नहीं किया। फिल्म में एस पी बालासुब्रहमण्यम व आशा भोसले का गाया गीत ‘ये रात और ये दूरी, तेरा मिलना है जरूरी..’ अपने समय का सुपरहिट गाना रहा। और, ओ पी नैयर स्टाइल में तैयार गाने ‘ए लो जी सनम हम आ गए’ का तो कहना ही क्या। इस गाने में आवाजें हैं विकी मेहता और बेहरोज चटर्जी की।
बाइस्कोप: ऐन मौके पर अमिताभ बच्चन के हाथ से निकल गई ये शानदार फिल्म, यूं हुई विनोद खन्ना की एंट्री