इन दिनों फिल्म 'किल' की चर्चा है। निखिल नागेश भट्ट के निर्देशन में बनी इस फिल्म में हिंसा कूट-कूटकर भरी है। फिल्म देख चुके दर्शकों को इस फिल्म के आगे रणबीर कपूर की बीते वर्ष आई 'एनिमल' के हिंसक दृश्य बहुत छोटे मालूम हो रहे हैं। मोहब्बत की बुनियाद पर फिल्म की कहानी है। जहां मोहब्बत है, वहां उसके मुकम्मल होने में हजार उलझने तो होंगी ही! लेकिन, यहां उलझन का रूप ऐसा विकराल है कि मार-धाड़ का नंगा नाच होता है और वह भी चलती रेलगाड़ी में। हीरो है, हीरोइन है और ढेर सारे गुंडे हैं। रेलगाड़ी में चढ़ा गुंडों का यह गिरोह पूरा एक खानदान ही है। यह प्रयोग भी हिंदी सिनेमा में पहली बार होता दिखा है।