द ग्रेट इंडियन कपिल शो टीम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
स्टैंड अप कॉमेडियन से शो होस्ट और फिर कार्यक्रम निर्माता बने कपिल शर्मा का ओटीटी गेम प्लान पूरा हो चुका है। उनके नए शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ को नेटफ्लिक्स ने बंद करने का फैसला किया। ओटीटी के सूत्रों के मुताबिक इसका आखिरी एपिसोड शूट हो चुका है और उसके बाद ही शो के सेट को हटाना शुरू कर दिया गया। सूत्र बताते हैं कि इस शो के लिए कपिल शर्मा को करीब पांच करोड़ रुपये प्रति शो के हिसाब से भुगतान किया गया है, जबकि शो में जिस अभिनेता सुनी ग्रोवर की सबसे ज्यादा तारीफ हुई, उन्हें सिर्फ 25 लाख रुपये प्रति एपिसोड मिले हैं। शो को लेकर नेटफ्लिक्स ने किस कदर पैसे बांटे हैं, इसका अंदाजा लगाने के लिए सिर्फ इतना जानना काफी है कि सिर्फ सोफे पर बैठकर हंसने के लिए अर्चना पूरण सिंह को 10 लाख रुपये प्रति एपिसोड दिए जाने के खुलासे ने नेटफ्लिक्स में हंगामा कर दिया है।