‘लुटेरा’, ‘हंसी तो फंसी’, ‘उड़ता पंजाब’ और ‘एनएच 10’ जैसी फिल्मों के शुरू होने से पहले इसमे ब्लैकबोर्ड पर चॉक से बनता अक्षर ‘फ’ और जोर से आती आवाज, ‘फ से फैंटम’ याद है न आपको? ये लोगो था मधु मंटेना, विक्रमादित्य मोटवानी, विकास बहल और अनुराग कश्यप की साझेदारी में बनी फिल्म कंपनी ‘फैंटम फिल्म्स’ का। साल 2010-11 में बनी इस कंपनी के आधे शेयर बाद में रिलायंस एंटरटेनमेंट ने खरीदे। फिर ‘मीटू’ का हल्ला हुआ कंपनी के सारे पार्टनर बिखर गए। और, मधु मंटेना ने इसके बाद बनाई नई कंपनी अल्लू मंटेना मीडिया वेंचर्स एलएलपी। इसी कंपनी ने फिल्म ‘रामायण’ की शुरुआत की। स्पेशल इफेक्ट्स के लिए प्राइम फोकस को साथ लिया और उनकी फीस के बराबर उनकी हिस्सेदारी रखी, लेकिन अब इस फिल्म का निर्माण खटाई में पड़ता दिख रहा है।