मार्वेल स्टूडियोज की नई फिल्म ‘इटर्नल्स’ के नए हिंदी ट्रेलर ने मार्वेल सिनेमैटिक यूनिवर्स (एमसीयू) की कहानियों और किरदारों का लगातार अनुसरण करते रहने वाले भारतीय दर्शकों के मन में तमाम नए सवाल बो दिए हैं। एमसीयू की पहली फिल्म ‘आयरनमैन’ से लेकर अब तक सब कुछ या तो इसी समय में होता आया है या फिर ब्रह्मांड के दूसरे ग्रहों पर घटने वाली घटनाओं से मिलता रहा है, लेकिन पहली बार मार्वेल सिनेमैटिक यूनिवर्स अपने दर्शकों को वहां ले जा रहा है जहां इसका कालखंड भारतीय पुराणों के त्रेता युग से जुड़ता नजर आ रहा है। फिल्म ‘इटर्नल्स’ के हिंदी ट्रेलर के रिलीज होने के बाद से ही एमसीयू के भारतीय दर्शक इन ‘इटर्नल्स’ के सात हजार साल से धरती पर मौजूद होने और सनातन धर्म के युगों में से दूसरे युग त्रेता के कालखंड से इनको जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।