कहानी अच्छी हो। फिल्ममेकिंग कमाल की हो और सिनेमा देखने वालों तक इसकी जानकारी सही प्लेटफॉर्म पर सही तरीके से पहुंचाई जाए तो क्या कमाल हो सकता है, इसे साबित किया है मार्वेल की नई फिल्म ‘शांग ची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ ने। फिल्म ने दुनिया भर में फिल्म वितरकों और प्रदर्शकों की उम्मीद से कहीं ज्यादा कारोबार किया है और इसका प्रदर्शन भारत में भी दिन पर दिन बेहतर ही होता जा रहा है। बॉक्स ऑफिस पर इसके साथ रिलीज हुई मेगा एक्शन फिल्म ‘फास्ट एंड फ्यूरियस 9’ भी इसके आगे फीकी पड़ रही है। उधर, इन दिनों फिल्म ट्रेड में एक पंजाबी फिल्म की भी काफी चर्चा हो रही है जिसने दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद भी कमाल का कलेक्शन किया है।
फिल्म ‘शांग ची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ ने शुक्रवार को तीन करोड़ रुपये की कमाई की थी। शनिवार को इसकी कमाई बढ़कर साढ़े तीन करोड़ रुपये हो गई। और, रविवार को तो फिल्म ने सारे अनुमानों को पीछे छोड़ते हुए करीब सवा चार करोड़ रुपये की कमाई की। 50 फीसदी क्षमता के साथ खुले सिनेमाघरों में किसी हॉलीवुड फिल्म का पहले वीकएंड में ही 10.75 करोड़ रुपये कमा लेने का भारतीय बॉक्स ऑफिस का ये नया रिकॉर्ड है।